बहादुरगढ़। नई फसल की खरीद का समय नजदीक आने के बावजूद शहर की अनाज मंडी में व्यवस्थाएं पूरी तरह से नदारद नजर आ रही हैं। सरकार के निर्देशानुसार 28 मार्च से सरसों और एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होगी लेकिन अभी तक मार्केट कमेटी की ओर से मंडी में व्यवस्था नहीं की गई है। न तो सीसीटीवी लगाए गए हैं न ही पीने के पानी का कोई प्रबंध है और न ही कैंटीन की व्यवस्था है।
अनाज मंडी में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। अभी तक कोई ठोस तैयारी दिखाई नहीं दे रही। सोमवार को अनाज मंडी की पड़ताल की गई तो इसमें अनेक अव्यवस्थाएं नजर आईं। सोमवार को मंडी का जायजा लेने पर जगह-जगह कूड़े के ढेर और नालों में जमा गंदा पानी दिखाई दिया। गंदे पानी से दुर्गंध भी आ रही थी।
सफाई व्यवस्था भी लचर दिखाई दी। अनाज मंडी में पीने के पानी के लिए बनाई गई प्याऊ पर लगे नल कई महीने से सूखे दिखाई दिए। ऐसा लग रहा था कि उनमें पानी आए काफी समय बीत गया।
मूलभूत सुविधाओं भी नहीं आईं नजर
मंडी में किसानों के लिए मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है और न ही कोई कैंटीन की सुविधा उपलब्ध है जहां किसान और मजदूर भोजन या चाय-पानी पी सकें। वहीं सुरक्षा व्यवस्था भी कमजोर नजर आई। मंडी परिसर में कहीं भी सीसीटीवी कैमरे दिखाई नहीं दिए।
बहादुरगढ़ के गांव बराही के किसान जयदेव, शमशेर सिंह, नूना माजरा के जगदीश कुमार, राम सिंह, श्रीभगवान, बामनौली के किसान सुखदेव सिंह, राजेंद्र कुमार, विजय छिल्लर का कहना है कि हर साल फसल सीजन से पहले मंडी में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं होनी चाहिए ताकि यहां पर फसल बिक्री के लिए आने वाले किसानों किसी तरह की परेशानी न हो।
इस बार अब तक कोई तैयारी नजर नहीं आ रही। यदि समय रहते व्यवस्थाएं नहीं की गई तो खरीद शुरू होने पर किसानों को काफी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। मंडी में आढ़ती प्रवीण कुमार, जय सिंह, प्रदीप कुमार ने बताया कि फसल सीजन में रोजाना काफी संख्या में ट्रॉली अनाज लेकर किसान मंडी में पहुंचते हैं। ऐसे में यदि सफाई, पानी और अन्य सुविधाओं का इंतजाम नहीं हुआ तो अव्यवस्था फैलने का खतरा रहेगा।
बहादुरगढ़ की अनाज मंडी में फसल खरीद से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करा दी जाएंगी। सफाई, पीने के पानी की व्यवस्था और किसानों के ठहरने की भी व्यवस्था होगी।
-अंजू, सचिव, मार्केट कमेटी, बहादुरगढ़।
-फोटो 81 :
-फोटो 82 :
-फोटो 83 :
-फोटो 84 :
-फोटो 81 : बहादुरगढ़ की अनाज मंडी में जमा कूूड़े के ढेर। संवाद
-फोटो 81 : बहादुरगढ़ की अनाज मंडी में जमा कूूड़े के ढेर। संवाद