फोटो 03- सोनीपत के खरखौदा स्थित उपमंडल कार्यालय में समाधान शिविर के दौरान एसडीएम डाॅ. निर्मल न
खरखौदा। उपमंडल क्षेत्र में लगाए जाने वाले समाधान शिविर में इन दिनों सबसे ज्यादा शिकायतें उन लोगों की पहुंच रही हैं, जिनके परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में गाड़ियां दर्ज की गई हैं, मगर उनके पास कोई वाहन नहीं है। पीपीपी में गाड़ियों के दर्ज होने से ऐसे परिवारों के बीपीएल राशन कार्ड खुद ही कट रहे हैं।
पीड़ित परिवार लगातार समाधान शिविर में पहुंचकर प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक सरकार या संबंधित विभाग की ओर से इस गड़बड़ी को सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोगों का सवाल है कि बिना सत्यापन के उनके परिवार पहचान पत्र में गाड़ियां किसने और क्यों दर्ज की। यह जांच का विषय बना हुआ है। ऐसे में बीपीएल राशन कार्ड स्वत: कटने से इन परिवारों को डिपो पर मिलने वाला सरकारी राशन भी मिलना बंद हो गया है।
नियमित बिजली बिल भरने पर भी 40 हजार बकाया
इसी तरह की एक अन्य शिकायत बिजली उपभोक्ता की ओर से दी गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह दो साल से नियमित रूप से बिजली बिल भर रहे हैं, लेकिन अब बिजली निगम ने 40 हजार रुपये से अधिक का बकाया बिल उन्हें थमा दिया है। इस पर एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर ने संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर जांच के आदेश दिए हैं।
वर्जन
परिवार पहचान पत्र में गाड़ियां दर्ज होने को लेकर समाधान शिविर में लोगो शिकायतें लेकर आ रहे हैं। यह गंभीर विषय है। इसकी गहनता से जांच करवाई जाएगी। मामले में गलती कहां हुई है, इसका भी पता लगाया जाएगा। -डाॅ. निर्मल नागर, एसडीएम, खरखौदा।