फोटो 18: सोनीपत के खरखौदा में राष्ट्रीय राजमार्ग 334बी पर दिल्ली चौक बाईपास के पास बने गड्ढे को
- फोटो : samvad
खरखौदा। राष्ट्रीय राजमार्ग-334बी स्थित दिल्ली चौक बाईपास पर हाल ही में हुई बारिश ने सड़क की असलियत उजागर कर दी है। बारिश के चलते सड़क की परतें उखड़ गई है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों में बारिश का पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। इससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
वाहन चालकों और राहगीरों ने बताया कि यह स्थिति हर साल बारिश के मौसम में बनती है। विभाग की ओर से सिर्फ ऊपरी मरम्मत कर खानापूर्ति की जाती है, जिससे सड़क पहली बारिश में ही जवाब दे जाती है। गड्ढों से छोटे वाहनों सेग ट्रक, बस जैसे वाहनों को भी परेशानी होती है। कई बार बाइक सवार अचानक गड्ढों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
रोहतक, सोनीपत से आने वाले लोगों को दिल्ली जाने के साथ ही एनएच-334बी से शहर में प्रवेश करने के दौरान हजारों वाहन इस बाईपास से गुजरते हैं। ऐसे में गड्ढों के कारण ट्रैफिक भी बाधित हो रहा है और जाम की स्थिति बन रही है।
वहीं प्रोजेक्ट डायरेक्टर, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण जगभूषण शर्मा का कहना है कि खरखौदा में एनएच-334बी की सर्विस लेन पर जर्जर हुए हिस्से को दुरुस्त करवाने का काम किया जाएगा।