किसान जगजीत सिंह का फाइल फोटो।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। कुंडली धरनास्थल पर सीने में दर्द होने के बाद मृत घोषित किए गए किसान के शव का पोस्टमार्टम कराकर वीरवार को परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम में प्रथम दृष्टया किसान की मौत हार्टअटैक से हुई है। अस्पताल में परिजनों का रोकर बुरा हाल था।
बुधवार को कुंडली बॉर्डर पर सीने में दर्द के चलते पंजाब के लुधियाना जिले की तहसील मुल्लापुर के गांव धत्त के रहने वाले किसान जगजीत सिंह (34) को अस्पताल में लाया गया था। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था। कुंडली पुलिस ने वीरवार को परिवार के लोगों की सहमति पर 174 की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि जगजीत सिंह की मौत हार्टअटैक से हुई थी। वह 15 जनवरी से धरनास्थल पर ही थे। सर्दी के चलते ही उनको हार्टअटैक आया। परिवार के लोगों ने बताया कि वह हृदय रोगी थे। उनके पास चार साल का एक लड़का है। परिजनों के साथ उनकी पत्नी हरजिंदर कौर भी पोस्टमार्टम हाउस में पहुंची थीं। पति का शव देखकर वह आपा खो बैठीं। हरजिंदर कौर ने परिवार के लोगों के पकड़े जाने के बावजूद पति के शव का कफन हटा लिया। वह शव के साथ ही एंबुलेंस में बैठने के लिए लोगों से भिड़ गईं। वह बार-बार एक बात दोहरा रही थीं कि हमने मना किया था बाबू तुमको यहां आने के लिए। उनकी पत्नी हरजिंदर कौर का विलाप देखकर वहां हर आंख में आंसू था।
किसान की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस में विलाप करती उनकी पत्नी। संवाद- फोटो : Sonipat