महिला व उसके परिजनों को सीएचसी लेकर पहुंची मुरथल थाना ट्रैफिक पुलिस। संवाद
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। ट्रैफिक पुलिस ने मानवता दिखाते हुए जीटी रोड पर प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला को सीएचसी पहुंचाया। जिससे उन्हें वहां उपचार मिल सका। महिला एंबुलेंस के इंतजार में तड़प रही थी।
यूपी के जिला फतेहपुर के गांव कन्नौजिया का रहने वाला रामचंद्र वीरवार को अपनी पत्नी अंशु व दो साल का बच्चे को लेकर यूपी से बस में केजीपी-केएमपी जीरो प्वाइंट पर पहुंचा था। उनकी पत्नी नौ माह की गर्भवती है। जब वह जीरो प्वाइंट पर पहुंचे तो उनकी पत्नी को अचानक प्रसव पीड़ा होने लगी। इसी बीच एंबुलेंस के लिए फोन किया। एंबुलेंस पहुंचने में देरी होने के चलते अंशु लगातार दर्द से कराह रही थी। प्रसव पीड़ा असहनीय होने के चलते वह सड़क पर लेट गई। इसी बीच वहां से गुजर रही मुरथल ट्रैफिक थाना की पायलट नंबर एक पर तैनात एएसआई राजकुमार, एचसी अजय व राहुल ने तुरंत पायलट को रोक लिया। उन्होंने रामचंद्र से पूछताछ की तो अंशु को प्रसव पीड़ा का पता लगा। जिस पर वह तुरंत उन्हें अपनी पायलट गाड़ी में बैठाकर सीएचसी बढ़खालसा ले गए। जिससे महिला का उपचार शुरू हो सका। इस कार्य के लिए सभी ने पुलिस टीम की सराहना की।