गन्नौर। हापा सुपर एक्सप्रेस के सामान्य कोच में सीट को लेकर हुए झगड़े में युवक को चलती ट्रेन से धक्का देकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। वहीं पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया।
मध्य प्रदेश के जिला मुरैना के थाना रिठौरा कलां के गांव टोड़ेका पुरा निवासी जहीर खान (18) मजदूरी का काम करते थे। सोमवार रात को वह हापा सुपर एक्सप्रेस के सामान्य कोच में अपने साथी अनीस के साथ दिल्ली जा रहे थे। इस दौरान जहीर खान का ट्रेन में सवार पंजाब के पठानकोट के गांव शाहपुर कंडी निवासी सुरेंद्र के साथ सीट को लेकर झगड़ा हो गया था। जिसमें सुरेंद्र ने जहीर खान को नीचे फेंककर उनकी हत्या कर दी थी। आरोपी को लोगों ने पकड़ लिया था। पुलिस ने अनीस के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने जहीर खान के शव का खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। आरोपी सुरेंद्र को अदालत में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया।