नारनौल। शहर के बाजार में सफाई और शौचालय की हालत खराब है, लेकिन सबसे ज्यादा परेशानी बाजार में शौचालयों नहीं होने के कारण होती है। दुकानदारों को आसपास खाली पड़ी जगह पर ही निवृत्त होना पड़ता है।
महावीर मार्ग से शहर का मुख्य बाजार शुरू होकर पुल बाजार, बजाजा बाजार, पुस्तक गली, मानक चौक आजाद चौक व किला रोड तक जाता है। इन मुख्य बाजार में दुकानदारों के साथ ही ग्राहक और राहगीरों को सार्वजनिक शौचालय नहीं होने के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसमें सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को होती है। शहर के पुल बाजार में करीब आठ साल पहले तीन-चार शौचालय रखवाए गए थे, लेकिन देखरेख के अभाव में वे अब बंद हैं।
पूरे शहर के बाजार में केवल दस ही कर्मचारी सफाई के लिए लगाए गए हैं। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि शहर के बाजार में करीब 25 कर्मचारी सफाई के लिए होने चाहिए। पहले नियम था कि 200 व्यक्ति पर एक सफाई कर्मचारी और अब 400 पर एक कर्मचारी कर दिया गया है। इससे एक कर्मचारी को सफाई करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता। बाजार में सफाई के बाद रोजाना करीब 25 टन कूड़ा निकलता है।