खरखौदा। मां के गले पर कस्सी मारकर हत्या करने के आरोपी मोहित की तलाश में खरखौदा पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस टीमों ने बुधवार को भी हत्यारोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि हत्यारोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद ही हत्या के पीछे की असल वजह सामने आ सकेगी।
गांव गढ़ी सिसाना निवासी राजबाला की मंगलवार को उसके ही बेटे मोहित ने कस्सी मारकर हत्या कर दी थी। मोहित कुछ वर्षों से अपनी पत्नी के साथ सोनीपत में रह रहा था। उसकी मां राजबाला भी कुछ समय तक तो बेटे और बहु के साथ सोनीपत में ही रही, लेकिन जब उनके बीच अनबन शुरू हुई तो वह वापस गढ़ी सिसाना लौट आई थी और अकेले ही रह रही थी। राजबाला ने घर की हालत में सुधार करने के लिए घर में निर्माण कार्य शुरू करवाया हुआ था। मिस्त्री और मजदूरों से मंगलवार को राजबाला जब घर का काम करवा रही थी, उसी दौरान मोहित गढ़ी सिसाना पहुंचा था। उसने मां के साथ कहासुनी कर दी थी। यह कहासुनी इस कदर बढ़ी कि मोहित ने आवेश में आकर मां पर कस्सी से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी मोहित के मामा गांव आंवली निवासी रामरूप की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस अब हत्यारोपी की धरपकड़ के लिए सरगर्मी से तलाश में जुटी है।
वर्जन
मां की कस्सी से हमला कर हत्या करने के आरोपी बेटे की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। सीआईए सोनीपत, क्राइम यूनिट खरखौदा व थाना प्रभारी की अगुवाई में टीमें हत्यारोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जीत बेनीवाल, एसीपी, खरखौदा