खरखौदा। शहर के कई पार्षदों ने 20 जनवरी को नगर पालिका कार्यालय के बाहर धरना देने का एलान किया है। उनके वार्ड में विकास कार्य नहीं होने से वे नाराजा हैं। दूसरी तरफ इससे पहले दिए गए धरने को लेकर भी पुलिस ने पार्षदों को 21 जनवरी को थाने बुलाया है।
पार्षद नवीन दहिया, जसबीर, सीमा, प्रमोद, अनूप दहिया, वीना देवी, सोमवती व पूनम देवी का कहना है कि उन्होंने आरटीआई लगाई थी। विकास कार्यों के संबंध में जानकारी साझा नहीं करने पर किए जाने पर एसडीएम कार्यालय में शिकायत की गई थी।
पार्षदों का आरोप है कि वित्त एवं संविदा समिति में जो प्रस्ताव बहुमत से पास हो चुके हैं उन्हें भी नपा सचिव की तरफ से रोका जा रहा है। हालांकि, उनके पास ऐसा कोई अधिकार ही नहीं है।
ऐसे में वह अब चेतावनी दे चुके हैं कि अगर सोमवार तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया और मांगे गए कागजात उन्हें नहीं दिए गए तो वह मंगलवार को फिर से धरने पर बैठ जाएंगे।
इस चेतावनी के बाद पार्षदों को पुलिस ने एक नोटिस जारी किया है। बताया जा रहा है कि नगर पालिका कार्यालय पर पहले दिए गए धरने के संबंध में पार्षद नवीन दहिया के खिलाफ तत्कालीन नपा सचिव पंकज जून ने शिकायत दी थी। इस मामले में आठ पार्षदों को नोटिस जारी हुआ है।
उन्हें 21 जनवरी को खरखौदा पुलिस स्टेशन में जाकर अपने बयान दर्ज कराने होंगे। हालांकि, पार्षदों का कहना है कि वो ऐसी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। मांग पूरी नहीं हुई तो मंगलवार को धरने पर बैठ जाएंगे।