कुंडली थाना क्षेत्र के गांव में दो नाबालिग बहनों की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपियों के आधार कार्ड पुलिस ने बरामद कर लिए है। पता किया जाएगा कि उनका पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड तो नहीं हैं।
दो नाबालिग बहनों से सामूहिक दुष्कर्म करने और जहर पिलाकर उनकी हत्या कर देने के चारों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस मूलरूप से बिहार के दरभंगा के गांव महागही निवासी अरुण, गांव मुसहेरी निवासी फूलचंद, धयोकली निवासी दुखन पंडित और समस्तीपुर निवासी रामसुहाग से पूछताछ कर रही है। आरोपियों ने दो बहनों के कमरे में घुसकर उनकी मां को बंधक बनाकर उनके सामने ही बेटियों से सामूहिक दुष्कर्म किया था। साथ ही धमकी देकर उनकी मां से बयान दिलवाए थे कि सांप ने डंस लिया है। हालांकि बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मामले का खुलासा हो गया था। पुलिस ने अब आरोपियों की निशानदेही पर उनके आधार कार्ड बरामद कर लिए है। जिससे उनके बारे में पूरी जानकारी जुटाएगी। साथ ही पुलिस इनको काम पर रखने वाले ठेकेदार से भी जानकारी जुटा रही है।
पीड़ित परिवार की मदद को सामने आईं समाजसेवी संस्थाएं
पीड़ित परिवार की मदद को समाजसेवी संस्थाएं आगे आने लगी हैं। रोटरी क्लब आफ मिड टाऊन के सहयोग से देवगन लॉ एसोसिएट्स की तरफ से पीड़ित परिवार का केस निशुल्क लड़ा जाएगा। एडवोकेट पारस देवगन ने बताया कि वह कानूनी सहायता के साथ ही डेथ पैनल्टी भी क्लेम करेंगे। रोटरी क्लब आफ मिड टाऊन के पदाधिकारी राकेश देवगन ने बताया कि कानूनी मदद के अलावा क्लब की ओर से पीड़ित परिवार के पुनर्वास की भी तैयारी की जा रही है। मौजूदा समय में पीड़ित परिवार किराए पर रह रहा है। इस परिवार को राई क्षेत्र में स्थाई आवास देकर बसाया जाएगा। परिवार के भरण-पोषण के लिए फिलहाल 6 माह का राशन निशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा।