-अपराधियों और नशा तस्करों पर शिकंजे के लिए पुलिस का कॉम्बिंग अभियान
-बरोदा-घड़वाल में खंगाले संदिग्ध ठिकाने
फोटो :: 18
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। अपराधों पर अंकुश लगाने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सोनीपत पुलिस ने गोहाना क्षेत्र के गांव बरोदा और घड़वाल में विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया। एसीपी राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने गांवों के विभिन्न स्थानों पर सघन जांच की। इस दौरान संदिग्ध ठिकानों की तलाशी लेने के लिए स्निफर डॉग की भी मदद ली गई।
अभियान के दौरान पुलिस कर्मचारियों ने गांवों में विभिन्न स्थानों पर जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस टीमों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। अभियान का उद्देश्य अपराधों की रोकथाम के साथ क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करना रहा। पुलिस ने अभियान के दौरान नशाखोरी और नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए भी जांच की। निर्धारित स्थानों पर स्निफर डॉग की सहायता से तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने नशे के कारोबार में संलिप्त संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के साथ ऐसी गतिविधियों की जानकारी जुटाई।
बिना सत्यापन रह रहे किराएदारों की होगी पहचान
अभियान के दौरान पुलिस ने किराए पर रहने वाले लोगों के सत्यापन पर भी जोर दिया। एसीपी राजीव ने भवन मालिकों से कहा कि वह अपने मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में किराए पर रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं। इससे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने और अपराधों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
भवन मालिकों से पुलिस का सहयोग करने की अपील
एसीपी राजीव कुमार ने बताया कि अपराधों की रोकथाम और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया गया है। अभियान के दौरान गांवों में सघन जांच की गई और स्निफर डॉग की मदद से तलाशी ली गई। उन्होंने भवन मालिकों से किराएदारों का सत्यापन करवाने की अपील की, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जा सके।