सोनीपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के कोयंबटूर से पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी कर दी। जिले के 82,890 किसानों के खातों में किस्त के 16.58 करोड़ रुपये सीधे पहुंच गए। इसे लेकर पंचायत भवन स्थित जिला परिषद हॉल में जिलास्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में मौजूद किसानों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि किसान न केवल देश को अन्न प्रदान करते हैं बल्कि वे भारत की अर्थव्यवस्था, आत्मनिर्भरता और विकास के वास्तविक निर्माता हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में आज 15,81,908 किसानों को कुल 316 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। योजना के तहत अब तक प्रदेश के किसानों को 7,233 करोड़ रुपये की सहायता मिल चुकी है। उन्होंने किसानों को परंपरागत खेती से आगे बढ़कर वैल्यू एडेड क्रॉप्स, बागवानी, औषधीय पौधों और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की प्रेरणा दी। मंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जो 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर करता है।
पीएम किसान योजना खेती की मूल जरूरतों का सहारा : कादियान
गन्नौर के विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि पीएम किसान योजना ने किसानों की खेती से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने किसानों से सरकार की तरफ से चलाई जा रही योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने को कहा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें किसानों की आर्थिक उन्नति और तकनीकी प्रगति को ध्यान में रखकर लगातार कार्यरत हैं।
किसानों को मिल रही सुविधा
- 10 एचपी तक के सोलर पंप अनुदान पर उपलब्ध
- 10 एचपी से अधिक के लिए बिजली कनेक्शन की सुविधा
- खेतों में रह रहे किसानों को 24 घंटे बिजली देने की सीमा 1 किलोमीटर से बढ़ाकर 5 किलोमीटर कर दी है
- सरकार किसानों की हर जरूरत पर संवेदनशील दृष्टिकोण से काम कर रही है
- सरकार वादों को धरातल पर उतारने को प्रतिबद्ध
यह रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, जिलाध्यक्ष गोहाना बिजेंद्र मलिक, भाजपा नेता प्रदीप सांगवान, पूर्व चेयरमैन राजबीर दहिया, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, नगराधीश डॉ. अनमोल, कृषि उपनिदेशक डॉ. पवन शर्मा, सहायक कृषि अभियंता नवीन हुड्डा मौजूद रहे।