सोनीपत। सब जूनियर व जूनियर दिल्ली राज्य बॉक्सिंग प्रतियोगिता में लिटल एंजल्स बॉक्सिंग अकादमी के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण सहित चार पदक जीते। यह प्रतियोगिता दिल्ली के विनोद नगर में 16 से 20 मार्च तक आयोजित की गई थी।
मुक्केबाजी प्रशिक्षक रोहतास कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में सब जूनियर व जूनियर वर्ग में 250 से अधिक मुक्केबाजों ने भाग लिया। जिसमें सब जूनियर आयु वर्ग के 37 किलो भारवर्ग में हर्षित गुलिया ने स्वर्ण पदक, 43 किलो भारवर्ग में शुभांक ने रजत पदक, 70 किलो भारवर्ग में आयुष तेहलान ने रजत पदक जीता। वहीं जूनियर आयु वर्ग में 52 किलो भारवर्ग में खेलते हुए मिलन ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी अकादमी का नाम रोशन किया। साथ ही हर्षित गुलिया व मिलन का आगामी सब जूनियर व जूनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता के लिए चयन भी हुआ है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 30 मार्च से 3 अप्रैल तक रोहतक में आयोजित होगी।
विद्यालय के चेयरमैन तरसेम कुमार गर्ग, सचिव डॉ. विशाल गर्ग, प्रधानाचार्य आशा गोयल ने हर्षित गुलिया व मिलन को बधाई दी व राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए दोनों को शुभकामनाएं दीं।