भारतीय खेल प्राधिकरण के उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र चौहान जोशी, बहालगढ़ में आवासीय योजना के तहत बालक व बालिकाओं का चयन किया जाएगा। 17 व 18 फरवरी को होने वाली यह चयन प्रक्रिया अलग-अलग प्रतिस्पर्धाओं के ट्रायल के आधार पर की जाएगी। चयन प्रक्रिया में शामिल होने वालों को 72 घंटे पहले तक की नकारात्मक कोरोना रिपोर्ट देनी अनिवार्य रहेगी। ट्रायल के लिए आने वाले खिलाड़ियों को रहने और खाने की व्यवस्था भी स्वयं ही करनी होगी।
साईं सेंटर की क्षेत्रीय निदेशक ललिता शर्मा ने बताया कि चयन प्रक्रिया में शामिल होने वाले बालक व बालिकाओं को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 17 फरवरी को सुबह 8 बजे चयन स्थान पर पहुंचना होगा। जहां स्प्रिंट, हर्डल, थ्रो, संयुक्त प्रतिस्पर्धा व रेस वॉक के लिए ट्रायल लिए जाएंगे।
इसके लिए प्रतिभागी की उम्र 16 से 21 वर्ष के बीच होनी चाहिए। तय किए मापदंड अनुसार खिलाड़ी को अपने साथ जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, खेल उपलब्धियों के प्रमाणपत्र, योग्यता प्रमाणपत्र की स्वप्रमाणित फोटो प्रतियां व चार पासपोर्ट साइज फोटो लाने होंगे।
चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए ये मापदंड जरूरी
- मान्यता प्राप्त प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो
- अखिल भारतीय महासंघ द्वारा आयोजित सीनियर, जूनियर व यूथ नेशनल प्रतियोगिता में 8वें स्थान तक रहने वाले खिलाड़ी
- खेलो इंडिया यूथ गेम्स, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया व ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी में चौथे स्थान तक रहने वाले खिलाड़ी
- अखिल भारतीय महासंघ द्वारा आयोजित जोनल प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी
- राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता भी चयन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।