परीक्षा समाप्त होने वाले दिन वेबसाइट पर प्रश्नों के उत्तर डाल दिए जाएंगे। परीक्षा में प्रयोग होने वाला पेन भी विश्वविद्यालय ही देगा। विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि परीक्षा का आयोजन तीन सत्रों में किया जाएगा।
हरियाणा के सोनीपत में स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल में पीएचडी, स्नातकोत्तर और ड्यूल डिग्री की प्रवेश परीक्षाएं 13 अगस्त से शुरू होंगी। परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि परीक्षा का आयोजन तीन सत्रों में किया जाएगा। परीक्षा समाप्त होते ही प्रश्नों के उत्तर वेबसाइट पर डाल दिए जाएंगे।
विज्ञापन
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. एमएस धनखड़ ने कहा कि पीएचडी, स्नातकोत्तर और ड्यूल डिग्री की प्रवेश परीक्षाओं का आयोजन 13 से 16 अगस्त तक किया जाएगा। 12 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार होने के कारण परीक्षा का आयोजन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन तीन सत्रों में किया जाएगा। पहला सत्र 9:30 से 11:30 बजे तक, दूसरा सत्र दोपहर 12:15 से दोपहर के 1:15 व तीसरा सत्र 3 से 5 बजे तक रहेगा। परीक्षार्थी को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है।
विज्ञापन
परीक्षा समाप्त होने के 12 घंटे के अंदर दे सकते हैं शिकायत
डॉ. धनखड़ ने कहा कि परीक्षा के दौरान पूर्णतया पारदर्शिता अपनाई जाएगी। उत्तर पुस्तिका के तीन भाग होंगे। पहला भाग स्कैनिंग के लिए, दूसरा भाग परीक्षा नियंत्रक के कार्यालय के लिए और ओएमआर का तीसरा भाग परीक्षार्थी के लिए होगा, ताकि वह वेबसाइट पर उत्तर डालने के बाद अपने उत्तरों का मिलान कर सकें। अगर किसी परीक्षार्थी को प्रश्नपत्र से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत है, तो वह लिखित में coe@dcrustm.org पर शिकायत दे सकता है। शिकायत परीक्षा समाप्त होने के 12 घंटे के अंदर ही देनी होगी, अन्यथा उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विवि देगा पेन, परीक्षा की होगी वीडियोग्राफी
परीक्षा नियंत्रक डॉ. एमएस धनखड़ ने कहा कि परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को लाना पूरी तरह से मना है। परीक्षा केंद्र के प्रत्येक कमरे में समय देखने के लिए घड़ी विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा उपलब्ध करवाएगी। परीक्षा में इस्तेमाल होने वाला पेन भी विश्वविद्यालय उपलब्ध करवाएगा। परीक्षा के समय वीडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय के शैक्षणिक भवन में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।