सोनीपत। बिजली की किल्लत से परेशान मंडी क्षेत्र के लोगों ने बिजली निगम के सर्कल कार्यालय में अधीक्षण अभियंता के समक्ष हंगामा किया। इस दौरान निगम पार्षद के भाई के आपत्तिजनक बातों पर एसडीओ भड़क गए। लोगों का आरोप था कि अधिकारियों का जनता के प्रति व्यवहार अच्छा नहीं है। कॉल करने पर फोन तक नहीं उठाते।
अधीक्षण अभियंता ने भी एसडीओ पर बदतमीजी करने का आरोप लगाया। साथ ही कार्रवाई के लिए मुख्यालय को पत्र लिखा। साथ ही कनिष्ठ अभियंता को निलंबित करने की बात कहकर लोगों को शांत किया। बिजली किल्लत से परेशान मंडी क्षेत्र के लोग मंगलवार को सर्कल कार्यालय में अधीक्षण अभियंता को शिकायत देने गए थे। निगम पार्षद अतुल जैन, जिला व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला, चेयरमैन संजय वर्मा का कहना था कि बिजली निगम समय पर बिजली आपूर्ति नहीं कर रहा।
ओवरलोडिंग की वजह से लोगों को बिजली किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न आने से कॉलोनियों में पानी आपूर्ति नहीं हो रही। सबसे ज्यादा समस्या वार्ड नंबर 15,16, 17 में बनी हुई है। इस पर अधीक्षण अभियंता ने उपमंडल अभियंता विक्की गहलावत व कनिष्ठ अभियंता सुखबीर सिंह को मौके पर बुलाया। लोगों ने एसडीओ व जेई की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि फोन नहीं उठाते हैं और लाइनमैन पैसे लेकर काम करते हैं।
इंसेट
एसई पर फेंका रिमाेट, बाल-बाल बचे
हंगामे के दौरान भीड़ में से किसी ने एसई जीआर तंवर पर रिमोट फेंक दिया। इस पर एसई बाल-बाल बच गए। इस दौरान एसई ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। जिला व्यापार मंडल के प्रधान संजय सिंगला ने डायल 112 को फोन करके पुलिस बुलाई और काम न करने के बजाय अधिकारियों पर धमकी देने का आरोप लगाया। उन्होंने अधिकारियों के खिलाफ पुलिस और एसई को भी शिकायत दी। कालूपुर के रहने वाले वेद सिंह ने जेई पर अभद्रता करने व जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाया और मामले की शिकायत दी।
निगम पार्षद अतुल जैन ने एसडीओ और जेई पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। बिजली की समस्या के समाधान के लिए जब फोन किया जाता है तो अधिकारी फोन नहीं उठाते हैं और ना ही समय पर काम करते हैं। अगर जल्द ही उनकी समस्या का समाधान नहीं किया तो वह धरना देने के लिए मजबूर हो जाएंगे। साथ ही मुख्यमंत्री को शिकायत देंगे। वहीं शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए एसई ने जेई सुखबीर सिंह को निलंबित कर दिया। वहीं उन्होंने मुख्य अभियंता से फोन करने के बाद एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखा।
वर्जन
मंडी क्षेत्र के लोग बिजली समस्या के समाधान कराने के लिए मेरे कार्यालय में आए थे। इस दौरान मैंने एसडीओ व जेई को भी बुलाया था। मामले को लेकर एसडीओ व जेई ने शिकायत लेकर पहुंचे लोगों व मेरे साथ बदतमीजी की है। बिजली शिकायतों का निपटारा न करने के मामले में जेई सुखबीर सिंह को निलंबित कर दिया है। एसडीओ विक्की गहलावत के खिलाफ कार्रवाई करने को लेकर मुख्यालय लिखा गया है।
जीआर तंवर, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम, सोनीपत