अश्लील वीडियो बनाकर नकदी ऐंठने के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस टीम के साथ।
- फोटो : Sonipat
कुंडली। थाना क्षेत्र के गांव में एक व्यक्ति को उधार दिए छह लाख देने के बहाने घर बुलाकर उसके साथ मारपीट करने व अश्लील वीडियो बनाकर 50 लाख रुपये मांगने के मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी को काबू किया है। गिरफ्तार आरोपी पांची जाटान का रहने वाला रणबीर उर्फ प्राण है। पुलिस ने उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है।
सोनीपत के रहने वाले व्यक्ति ने 10 नवंबर, 2019 को कुंडली पुलिस को बताया था कि वह पीडब्ल्यूडी में पानीपत में कार्यरत है। उसने बताया था कि कुंडली क्षेत्र निवासी उसकी रिश्ते की चाची के माध्यम से वह कुंडली क्षेत्र के गांव की महिला से मिला था। उसने महिला को छह लाख रुपये उधार दिए थे। बाद में 8 नवंबर, 2019 की रात को महिला ने उसे पैसे देने के बहाने अपने गांव बुलाया था। वहां तीन लोगों ने उसे पकड़कर कपड़े उतार कर उसे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी थी। साथ ही उससे 50 लाख रुपये की मांग कर दी थी। उन्होंने उसके परिजनों को बुलाकर एक लाख रुपये ऐंठ लिए थे। उसकी सोने की चेन छीन ली थी। उसकी चाची ने भी आरोपियों का साथ दिया था। एसआई देवेंद्र सिंह की टीम ने गांव पांची जाटान निवासी वजीर उर्फ भांभरा, पैसे लेने वाली महिला के साथ ही उसके भाई रवींद्र तथा बिलासपुर खेड़ी के दुर्वेश को काबू किया था। अब पुलिस ने मारपीट में शामिल व एक लाख रुपये में से 50000 रुपये लेने के आरोपी रणबीर उर्फ प्राण को काबू किया है। दुर्वेश ने पीड़ित की सोने की चेन छीनकर भी रणबीर उर्फ प्राण को दी थी। उसे भी बरामद किया जाएगा। आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है।
--