संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। दिल्ली के बादली से पानीपत के बीच सवारी गाड़ी में यात्रा कर रहे यात्री का नकदी, लैपटॉप व अन्य सामान से भरा बैग चोरी हो गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत राजकीय रेलवे पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल्ली के समयपुर स्थित यादव नगर निवासी अमन कुमार ने राजकीय रेलवे पुलिस को बताया कि वह दिल्ली के बादली से पानीपत जाने के लिए सवारी गाड़ी में सवार हुए थे। सुबह सफर करते समय उनकी आंख लग गई। जब उनकी आंख खुली तो ट्रेन सांदल कलां रेलवे स्टेशन पर थी। उन्होंने देखा कि उनका बैग गायब है। सहयात्री ने बताया कि बैग को लेकर एक युवक सोनीपत स्टेशन पर उतर गया था। बैग में उनका लैपटॉप, मोबाइल, स्मार्ट वॉच, उनके कागजात, क्रेडिट कार्ड, पासपोर्ट, कपड़े व 96 सौ रुपये की नकदी थी। उन्होंने मामले की शिकायत राजकीय रेलवे पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।