संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। पर्यावरण संरक्षण में जुटे ट्री मैन देवेंद्र सूरा ने ग्रामीणों के सहयोग से गांव किलोहड़द में प्रदेश का 26वां व जिले का 20वां ऑक्सीजन बाग लगाकर दीपोत्सव मनाया। गांव में 15 एकड़ में लगाए गए ऑक्सीजन बाग में ग्रामीणों के सहयोग से करीब 1500 पौधे रोपे गए।
पौधरोपण का शुभारंभ संत गोपाल दास, करणनाथ, प्रेमनाथ, आचार्य नितिन, ग्राम सरपंच राजो देवी व सरपंच प्रतिनिधि सतीश राठी ने हवन के साथ किया। सरपंच प्रतिनिधि सतीश राठी ने बताया कि ऑक्सीजन बाग पर्यावरण की रक्षा व वातावरण को शुद्ध रखने में अहम भूमिका निभाएगा। ट्रीमैन देवेंद्र सूरा ने बताया कि गांव किलोहड़द में ऑक्सीजन बाग लगाने के लिए काफी समय से प्रयासरत थे। ग्राम पंचायत ने इस पहल का स्वागत करते हुए न सिर्फ भूमि उपलब्ध करवाई, बल्कि बढ़ चढ़कर पौधरोपण किया और पौधों की सुरक्षा का भी जिम्मा उठाया। ऑक्सीजन बाग में बरगद, पीपल, नीम, पिलखन, गुलर, बेल पत्थर, कटहल व जामुन के पौधे रोपे गए।
संत गोपालदास ने कहा कि देश व प्रदेश में वन क्षेत्र खत्म होते जा रहे हैं, जिससे जीव-जंतुओं की अनेकों प्रजातियां भी लुप्त हो गई हैं। ऐसे में देवेंद्र सूरा का प्रयास सराहनीय है। इससे सभी को सीख लेते हुए पौधरोपण कर धरा को हरा-भरा बनाने के लिए प्रयास करने चाहिए। ऑक्सीजन बाग में लगाए गए पौधों की देखभाल के लिए टीम का गठन किया गया है, जिसमें वृक्ष मित्र सुरेंद्र राठी, विनय, कर्मबीर, सज्जन, राहुल, सतीश, महेश, कुलदीप, जयकिशन, तेज सिंह, सूरज, विशाल, योगेश, प्रदीप, साहिल, नितिन, सूरजमल डागर, बनी सिंह व राकेश को शामिल किया गया है।
इस दौरान सुरेश, भलिया देवी, राहुल भारद्वाज, विनोद, जरनैल मलिक, अमित लाठिया, पवन ओहल्याण, डॉ. संदीप, संजय जैमिनी, विजय, परमवीर, सोनू शर्मा, राजबीर मलिक, मुकेश कुहाड़, दीपांशु, सुभाष सिसोदिया, संजय शर्मा, लाल सिंह, जगत सिंह, डालमिया, संजीत कोच, दीपक वैध, जिला पार्षद संजय बड़वासनी मौजूद रहे।