सोनीपत। हरियाणा खेलकूद विश्वविद्यालय राई में चल रही कबड्डी चैंपियंस लीग (केसीएल) में रोमांचक मुकाबले हो रहे हैं। लीग के 11वें मुकाबले में पानीपत पैंथर्स ने शानदार रेडिंग और सख्त डिफेंस के दम पर गुरुग्राम गुरुज को 42-27 से पराजित कर दिया।
इस जीत के साथ पानीपत ने अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की जबकि गुरुग्राम गुरुज की इस सीजन पहली जीत की तलाश जारी रही। मुकाबले की शुरुआत गुरुग्राम गुरुज के नीरज नरवाल की दो अंकों की रेड से हुई, लेकिन इसके बाद पानीपत पैंथर्स ने तेजी से मैच पर पकड़ बना ली।
नरेंद्र कंडोला की शुरुआती रेड भले ही खाली रही हो, लेकिन टीम ने संयमित खेल दिखाते हुए जल्द ही स्कोर पलट दिया और 7-5 की बढ़त बना ली। नरेंद्र ने लय में आते हुए गुरुग्राम को दबाव में ला दिया। वहीं मंदीप कुमार की सफल रेड्स ने गुरुज को कुछ देर तक संभाले रखा, लेकिन पानीपत के मजबूत डिफेंस ने पहला ऑल-आउट दिलाकर स्कोर 12-8 कर दिया।
पहले हाफ में पानीपत का वर्चस्व साफ नजर आया। मीतू शर्मा ने अपनी शुरुआती रेड्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की बढ़त को मजबूती दी। अंकित जागलान और दीपांशु खत्री की सटीक टैकलिंग ने गुरुग्राम के रेडर्स की राह मुश्किल कर दी। रणनीतिक टाइमआउट तक पानीपत 15-10 से आगे था।
गुरुग्राम की टीम लगातार डू-और-डाई स्थितियों में उलझती रही और हाफ टाइम से पहले एक और ऑल-आउट झेलना पड़ा। हालांकि अंतिम क्षणों में संघर्ष के चलते पहला हाफ 22-18 के स्कोर पर समाप्त हुआ। दूसरे हाफ में पानीपत ने अपने आक्रामक तेवर और तेज कर दिए।
शुरुआती मिनटों में ही गुरुग्राम को एक और ऑल-आउट का सामना करना पड़ा और स्कोर 27-18 हो गया। मीतू शर्मा ने आत्मविश्वास के साथ रेडिंग जारी रखी जबकि आशीष नरवाल के नीरज नरवाल पर शानदार टैकल और अंकित जागलान की मजबूत डिफेंस ने स्कोर अंतर को लगातार बढ़ाया।
अंतिम रणनीतिक टाइमआउट तक पानीपत 32-21 की मजबूत स्थिति में पहुंच चुका था। मैच के अंतिम चरण में भी पानीपत पैंथर्स ने अपनी तीव्रता बरकरार रखी। अंकित जागलान ने हाई-5 पूरा किया, वहीं मीतू शर्मा ने सुपर-10 हासिल कर मुकाबले को पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया।
अंतिम सीटी से पहले गुरुग्राम एक बार फिर ऑल-आउट हुआ और पानीपत ने मुकाबला 42-27 से अपने नाम कर लिया। मुकाबले में पानीपत पैंथर्स के मीतू शर्मा बेस्ट रेडर व अंकित जागलान बेस्ट डिफेंडर रहे।
फोटो : सोनीपत के राई स्थित हरियाणा खेल विवि में केसीएल में भिड़ते खिलाड़ी। स्रोत: प्रवक्ता- फोटो : punch news