प्रथम चरण के पंचायत चुनाव के लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 10 जनवरी को जिले के तीन खंडों में होने वाले चुनाव के लिए खंड स्तर पर शनिवार को सभी पोलिंग पार्टियों को अंतिम रिहर्सल कराई जाएगी, इस दौरान उन्हें चुनाव सामग्री भी वितरित की जाएगी।
122 ग्राम पंचायत, 471 बूथ
खरखौदा ब्लॉक में 45 ग्राम पंचायत के 196 बूथ हैं। इनमें 3 संवेदनशील और 15 अति संवेदनशील हैं। मुंडलाना ब्लॉक में 34 ग्राम पंचायतों के 135 बूथ हैं, जिनमें 10 संवेदनशील और 150 बूथ अति संवेदनशील हैं। सोनीपत ब्लॉक में 43 ग्राम पंचायतों के 140 बूथ हैं, जिनमें 25 बूथ संवेदनशील और 36 बूथ अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
2,355 कर्मचारी बूथ स्तर पर रहेंगे तैयार
प्रथम चरण के तीन खंडों में 471 बूथ निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर 5 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। एक पीठासीन अधिकारी, दूसरा वैकल्पिक पीठासीन अधिकारी और तीन पोलिंग ऑफिसर नियुक्त किए गए है। जो बूथ स्तर पर चुनाव के दौरान चुनाव से संबंधित सभी प्रक्रिया पूरी करेंगे। तीन खंडों में 2355 कर्मचारी बूथ स्तर पर नियुक्त किए गए।
प्राध्यापक या स्कूल का मुखिया होगा पीठासीन अधिकारी
पंचायत विभाग की ओर से चुनाव के दौरान बूथ स्तर पर पीठासीन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। प्रशासन की ओर से स्कूल प्राध्यापक, प्राचार्य और मुख्याध्यापक को ही पीठासीन अधिकारी बनाया गया हैै। वहीं पीठासीन अधिकारी अपने मतदान केंद्र के साथ-साथ केंद्र में डाला जाने वाले प्रत्येक वोट की निगरानी रखेगा। साथ ही वह पोलिंग अफसर की तरह काम करेगा।
यहां यहां होगी अंतिम रिहर्सल
10 जनवरी को प्रथम चरण के चुनाव के लिए शनिवार को खंड स्तर पर पोलिंग पार्टियों को अंतिम रिहर्सल कराई जाएगी। सोनीपत खंड में शंभु दयाल स्कूल में और मुंडलाना खंड में आर्य स्कूल मुंडलाना और खरखौदा खंड में कन्या कॉलेज मेें सभी पोलिंग पार्टियों को रिहर्सल कराई जाएगी है। जिसके बाद यहीं से ही मतदान केंद्र पर ले जाने के लिए चुनाव सामग्री दी जाएगी।
शंभु दयाल स्कूल में बनाया मॉडल पोलिंग स्टेशन
शनिवार को सोनीपत खंड के पोलिंग पार्टियों को रिहर्सल के लिए शंभु दयाल स्कूल में मॉडल पोलिंग स्टेशन बनाया गया है। इस मॉडल पोलिंग स्टेशन में पार्टियों को यह जानकारी दी जाएगी कि इस स्टेशन को देखकर वे बूथ स्तर पर किस-किस तरह पोलिंग स्टेशन बनाएंगे। मतदान केंद्र पर कहां क्या काम होगा, कहां ईवीएम मशीनें रखी जाएगी, कहां मतपेटी रखी जाएगी। वह सब मॉडल पोलिंग स्टेशन में दिखाया गया है।
चुनाव के लिए बुलाए तीन ईवीएम इंजीनियर
पंचायत चुनाव के दौरान यदि ईवीएम खराब हो जाती है, तो उसे ठीक करने के लिए चुनाव आयोग की ओर से भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के तीन इंजीनियर सोनीपत भेजे गए हैं। प्रत्येक खंड में एक-एक इंजीनियर को नियुक्त किया गया है।
इतनी मतपेटी और ईवीएम होंगी चुनाव में
ब्लॉक बूथ मतपेटी ईवीएम
खरखौदा 196 430 432
मुंडलाना 135 300 297
सोनीपत 140 310 308
प्रथम चरण के चुनाव को लेकर खंड स्तर पर सभी पोलिंग पार्टियों को अंतिम रिहर्सल दी जाएगी। जिसके लिए प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है।
-कृष्णप्रकाश गहलावत, एडिशनल डीडीपीओ, सोनीपत