फोटो - नई अनाज मंडी परिसर में धान की ढेरियों के पास भरा हुआ बारिश का पानी। संवाद
- फोटो : Archive
गोहाना। क्षेत्र में वीरवार सुबह हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश से अनाज मंडी में रखा करीब 2,000 क्विंटल धान भीग गया। फसल में नमी बढ़ने के कारण खरीद भी बंद रही।
तेज हवा और बारिश से खेतों में भी धान की फसल गिर गई। अधिक बारिश के कारण शहर की सड़कों पर भी एक से डेढ़ फीट तक पानी भर गया। इससे वाहन चालकों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
क्षेत्र में वीरवार को सुबह करीब 33 मिमी बारिश हुई। बेमौसम बारिश से किसानों को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। खेतों से लेकर अनाज मंडी तक धान की फसल को नुकसान हुआ है।
अनाज मंडी में धान का सीजन चला है। इस कारण अनाज मंडी परिसर में करीब 15,000 क्विंटल पड़ा है। खेतों में भी धान की फसल खड़ी है। सुबह तेज हवा के साथ हुई बारिश से अनाज मंडी परिसर में पड़ा धान भीग गया।
मंडी परिसर में पानी निकासी के व्यापक प्रबंध न होने के कारण अनाज की ढेरियों के पास पानी भर गया। किसान बलवान, रोहताश, रामनिवास का कहना है कि अनाज मंडी में उनकी फसलों की सुरक्षा के लिए कोई प्रबंध नहीं हैं। खरखौदा में एसडीएम अमित कुमार व नायब तहसीलदार अचिन कुमार ने व्यवस्था का निरीक्षण किया।
फोटो - नई अनाज मंडी परिसर में धान की ढेरियों के पास भरा हुआ बारिश का पानी। संवाद- फोटो : Archive