फोटो : सोनीपत के डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, राई में तनाव प्रबंधन पर आयोजित
सोनीपत। डॉ. बीआर आंबेडकर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय राई में वीरवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के तहत तनाव प्रबंधन कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय (विवि) के सदस्यों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यशाला का आयोजन पंडित बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय रोहतक के इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ और विधि विवि ने संयुक्त रूप से किया। डॉ. पुरुषोत्तम और डॉ. जोगिंद्र सिंह ने कहा कि शैक्षणिक और व्यक्तिगत जीवन में बढ़ते दबाव के बीच मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
विशेषज्ञ डॉ. आयुषी और डॉ. सिमरा ने तनाव से निपटने के लिए समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच, नियमित दिनचर्या और पर्याप्त विश्राम अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तनावपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना चाहिए।
जरूरत पड़ने पर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से परामर्श लेना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में विवि के कुलसचिव डॉ. आशुतोष मिश्रा ने विशेषज्ञ वक्ताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यशाला का संयोजन एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुंदर सिंह ने किया।