सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए स्कूल फीस की आर्थिक तंगी को दूर करने के लिए रविवार को राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) परीक्षा आयोजित की गई। जिले के 2,862 विद्यार्थियाें के लिए एनएमएमएस परीक्षा का आयोजन 10 केंद्रों पर किया गया।
जिला शिक्षा विभाग ने सभी केंद्रों पर परीक्षा के लिए बोर्ड परीक्षा तर्ज पर सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध किए। सभी केंद्रों पर नकल रहित परीक्षा करवाने के लिए कड़ी चौकसी के बीच विद्यार्थियाें को परीक्षा में शामिल किया गया। छात्रवृत्ति योजना के तहत एनएमएमएस परीक्षा के लिए प्रदेशभर में आवेदन करने वाले कुल 54,475 विद्यार्थियों के लिए 192 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सोनीपत में 10 परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 से 02 बजे तक 3 घंटे की लिखित परीक्षा आयोजित की गई। अधिकतर केंद्रों पर सभी हलकों से परीक्षा में भाग लेने वाले विद्यार्थी अपने परिजनों के साथ केंद्र पर पहुंचे। प्रवेश पत्र जांच के बाद ही विद्यार्थियों को केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई।
इसके बाद परिजन परीक्षा संपन्न होने तक केंद्रों के बाहर अपने बच्चों का इंतजार करते नजर आए। जिला में कुल 2,862 विद्यार्थियाें में से 2,190 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 672 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। अब परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थी छात्रवृत्ति के हकदार होंगे।
परीक्षा करवाने का उद्देश्य
बोर्ड ने एनएमएमएस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की मानसिक योग्यता को जांचने के लिए गणित, विज्ञान व सामान्य ज्ञान पर आधारित 90 प्रश्नों पर आधारित परीक्षा ली। विद्यार्थियों की परीक्षा ओएमआर शीट पर ली गई। छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य जरूरतमंद मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इस परीक्षा में राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 8वीं के वहीं विद्यार्थी शामिल हुए, जिन्होंने कक्षा 7वीं राजकीय विद्यालयों से उत्तीर्ण की है। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
जिला के किस केंद्र पर कितने विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
केंद्र का नाम उपस्थित अनुपस्थित
आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सोनीपत 246 66
रामजस वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोविंद नगर 199 54
दून वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सोनीपत 243 69
एसएम हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सोनीपत 135 31
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मुरथल अड्डा 275 37
गीता विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सोनीपत 244 68
हिंदू कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सोनीपत 208 51
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जटवाड़ा 244 68
डीवी पब्लिक स्कूल, सोनीपत 162 150
आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, काठ मंडी 234 78
जिला में बोर्ड की ओर से निर्धारित 10 केंद्रों पर एनएमएमएस छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की गई। सभी केंद्रों पर कुल 2,862 विद्यार्थियों में से 2,190 ने ही परीक्षा में भाग लिया, जबकि 672 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को 4 वर्ष तक प्रत्येक माह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। परीक्षा का परिणाम जल्द जारी होगा।
- नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत