गोहाना। गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज में बॉन्ड नीति के विरोध में एमबीबीएस छात्राओं का धरना जारी रहा। रविवार को हरियाणा जन संघर्ष मंच और समतामूलक महिला संगठन की साझी टीम धरने पर पहुंची और छात्राओं के धरने को अपना समर्थन दिया।
समतामूलक महिला संगठन की प्रदेश संयोजक डॉ. सुनीता त्यागी ने कहा कि प्रदेश में मेडिकल शिक्षा की फीस में बेतहाशा बढ़ोतरी कर दी गई है। पहले सालाना फीस 53 हजार रुपये होती थी, अब इसे बढ़ाकर 80 हजार रुपये कर दिया गया है। इतना ही नहीं फीस में हर वर्ष 10 फीसदी की वृद्धि भी की जाएगी। एमबीबीएस छात्रों को दाखिले के समय फीस के अलावा 10 लाख रुपये का बॉन्ड भी भरना पड़ेगा। जिसका संगठन विरोध करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विरोधी नीति लागू करने वाला हरियाणा देश में एकमात्र राज्य है। इस दौरान रघुबीर सिंह विरोधिया, सूरजभान चहल, महेश, सतपाल एल टी, अश्विनी कुमार, साधु राम, रामधारी, अनीता इंदौरा, मदन अत्री व मूर्ति देवी मौजूद रहे।