फोटो : सोनीपत के सांदल कलां रेलवे स्टेशन पर लोगों को ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं क
सोनीपत। रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) ने ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी, रेल लाइन पर अलार्म चेन पुलिंग (एसीपी) जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शुक्रवार को ऑपरेशन दोस्ती के तहत जागरूकता अभियान चलाया। अभियान को लेकर आरपीएफ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संगम के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया।
आरपीएफ कर्मियों ने रेल लाइन के साथ लगती कॉलोनियों, सांदल कलां व राजलू गढ़ी स्टेशन के पास लोगों को जागरूक किया। सोनीपत क्षेत्र में वंदे भारत एक्सप्रेस व अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों पर राठधना-सोनीपत स्टेशन के बीच पत्थरबाजी करने वालों पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।
इस वर्ष 21 जनवरी को शनि मंदिर के पास नई दिल्ली से माता वैष्णो देवी कटरा जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (22477) पर पत्थरबाजी का मामला सामने आ चुका है। अभियान के दौरान उप निरीक्षक शहाबुद्दीन, धर्मेंद्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक सुमनलता ने लोगों व खासकर युवाओं को ट्रेनों पर पत्थरबाजी न करने के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि ट्रेनों पर पत्थरबाजी करना कानूनी अपराध है। इससे राष्ट्रीय संपत्ति के साथ यात्रियों को भी नुकसान होता है। रेलवे को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि कई बार बच्चे खेल-खेल में ट्रेनों पर पत्थरबाजी कर देते हैं। वे ऐसा न करें।