रेलवे लाइन स्थित ईदगाह कॉलोनी में लोगों को जागरूक करतीं सामाजिक संगठन की पदाधिकारी और आरपीएफ था?
- फोटो : Sonipat
दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर आए दिन ट्रेनों पर हो रही पत्थरबाजी की घटना को रोकने के लिए सामाजिक संगठनों, आरपीएफ व जीआरपी के संयुक्त तत्वावधान में ऑपरेशन दोस्ती चलाया गया। सभी ने रेलवे लाइन के आसपास की कॉलोनियों में जाकर लोगों व बच्चों को जागरूक किया। अभियान के तहत ईदगाह कॉलोनी, ज्ञान नगर, सुंदर सावरी कॉलोनी व गांव बैयापुर खुर्द का दौरा किया गया। लोगों को बताया गया कि ट्रेनों पर पत्थरबाजी करना अपराध है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि कई बार बच्चे खेल-खेल में ट्रेनों पर पत्थरबाजी कर देते हैं। जिससे कई बार यात्री चोटिल हो चुके हैं। रेलवे को आर्थिक नुकसान होने के साथ ही यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। अगर सभी लोग सहयोग करें तो ऐसे बच्चों को शिक्षा देकर उनका भविष्य उज्ज्वल बनाया जा सकता है। आरपीएफ थाना प्रभारी युद्घवीर सिंह ने कहा कि वे ट्रेनों पर पत्थर न फेंके। ऐसा करने से उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हो सकते हैं। बच्चों को शिक्षा व खेलों के प्रति जागरूक करें। जिसमें आरपीएफ की ओर से हरसंभव सहायता की जाएगी। इस मौके पर जिला बाल कल्याण अधिकारी (डीसीपीओ) ममता शर्मा व आरती, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की चेयरमैन अनीता शर्मा, चाइल्ड हेल्प लाइन से कुमारी राधा व अशोक कुमार, सीबीआई टीम से सुमित कुमार, जीआरपी थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार, एसआई धर्मपाल, धीरज कुमार, प्रवीण कुमार व ईदगाह कॉलोनी के प्रधान बाबूखान मौजूद रहे।