फोटो : 28: सोनीपत में डॉक्टरों की हड़ताल की वजह से ओपीडी में परेशान मरीज। संवाद
सोनीपत। एसएमओ की सीधी भर्ती के विरोध में वीरवार को जिला नागरिक अस्पताल के चिकित्सक दो घंटे तक हड़ताल पर रहे। सुबह 9 से 11 बजे तक पंजीकरण काउंटर व ओपीडी सेवाएं बंद रहीं। इससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
चिकित्सकों ने साफ कहा कि सरकार एसएमओ की सीधी भर्ती पर रोक लगाए अन्यथा आरपार का आंदोलन किया जाएगा। नागरिक अस्पताल में मरीज इलाज के लिए सुबह ही पहुंच जाते हैं लेकिन सुबह 9 बजे पंजीकरण काउंटर बंद होने से मरीजों को पंजीकरण काउंटर के बाहर ही लाइनों में खड़े रहना पड़ा।
जिन मरीजों की ओपीडी की पर्ची बन गई थी उन्हें ओपीडी में चिकित्सक नहीं मिले। मरीज उनके आने का इंतजार करते रहे। सुबह 11 बजे के बाद ओपीडी शुरू हो पाई। हड़ताली चिकित्सकों ने बताया कि एसएमओ की सीधी भर्ती से विभाग में असमानता पैदा होगी और वर्षों से कार्यरत डॉक्टरों की पदोन्नति के अवसर प्रभावित होंगे।
हड़ताल के चलते सामान्य ओपीडी सेवाएं बाधित रहीं। इस दौरान आंख, हड्डी रोग, बाल रोग सहित कई ओपीडी चालू रहीं। अस्पताल में पंजीकरण काउंटर बंद होने से मरीजों को ओपीडी की पर्ची नहीं मिल पाई। मरीज चिकित्सक कक्ष तक पहुंच नहीं पाए। ऐसे में मरीजों को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक इलाज नहीं हो पाया। इसकी वजह से मरीज भी झल्लाहट निकालते दिखे।
जांच के लिए हुए परेशान
सर्दियों में लैब का समय दोपहर 12 बजे तक का होता है। चिकित्सकों की हड़ताल की वजह से 11 बजे के बाद ओपीडी शुरू तो हो पाई लेकिन लैब 12 बजे बंद होने के कारण कई मरीज जांच नहीं करा पाए। करीब 200 मरीजों को इस वजह से सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। ओपीडी में रोज करीब 1800 मरीज इलाज के लिए आते हैं।