खरखौदा। शहर के बाइपास पर थाना कला चौक के पास एक कैंटर व टैंकर में आमने-सामने की भिडंत में कैंटर चालक की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में उपचार देने के बाद पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
सोमवार सुबह थाना कलां चौक के पास कैंटर व टैंकर की आमने सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कैंटर चालक रोहतक के गांव भैणी के रामविलास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कैंटर सवार रवि व सोनी तथा टैंकर चालक व क्लीनर भी हादसे में बुरी तरह से घायल हो गए। उनकी पहचान नहीं हो सकी है। हादसे की सूचना के बाद वहां भीड़ एकत्रित हो गई। मशक्कत के बाद घायलों को खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। लेकिन कैंटर चालक का शव केबिन में बुरी तरह से फंस गया। ऐसे में रस्सियों के सहारे बांधकर कैंटर के केबिन को अलग कर शव को बाहर निकाला जा सका। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल सोमबीर का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।