गोहाना। खंदराई मोड़ के पास बुधवार शाम को ट्रैक्टर चालक ने एक बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार युवक की मौत हो गई तो उसका दोस्त घायल हो गया। वह दोनों गोहाना से बाइक पर वापस अपने गांव बुटाना जा रहे थे। हादसे में जिस युवक की मौत हुई है, वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मृतक के ताऊ के लड़के के बयान पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव बुटाना निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि उसके ताऊ का लड़का हरिओम (20) बुधवार को गांव के ही चांद के साथ गोहाना किसी काम से गया था। वह शाम को करीब आठ बजे अपना काम निपटाकर वापस गांव जा रहे थे। जब वह जींद रोड पर खंदराई मोड़ के पास पहुंचे तो सामने से एक ट्रैक्टर चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। दोनों घायलों को राहगीरों ने गोहाना के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने हरिओम को रोहतक पीजीआई और चांद को बीपीएस महिला राजकीय मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में रेफर कर दिया। इसके बाद रोहतक पीजीआई जाते समय हरिओम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि चांद का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने वीरवार को नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। इसके साथ ही ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
गांव में छाया मातम
हरिओम बीए की पढ़ाई कर रहा था। वह तीन बड़ी बहनों में इकलौता भाई था। उसकी सड़क हादसे में मौत के बाद परिजनों के साथ ही गांव में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।