गन्नौर। आहुलाना गांव स्थित प्राचीन सिद्ध श्री श्याम मंदिर में चतुर्थ वार्षिक महोत्सव मनाया गया। इस मौके पर हवन करने के अलावा कलश यात्रा निकाली गई जो गांव के मुख्य मार्गों से होती हुई मंदिर पहुंची। इसके बाद मंदिर में आयोजित संकीर्तन में कलाकारों ने खाटू वाले श्याम तेरी जय हो, श्याम बाबा का दरबार सुहाना लगता है जैसे भजनों की प्रस्तुति दी।
महोत्सव में विधायक देवेंद्र कादियान के छोटे भाई वीरेंद्र कादियान ने बाबा की अखंड ज्योत प्रज्वलित कर मत्था टेका। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम का दरबार वह स्थान है जहां अमीर-गरीब का भेद मिट जाता है। केवल श्रद्धा शेष रहती है। इस मौके पर अजित कुमार, रणधीर, सुरेंद्र, दीपक, मनोज कुमार भी मौजूद रहे।