ट्रेन की छत पर बैठकर यात्रा करना एक युवक को महंगा पड़ा। ओएचई लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। वहीं, ट्राली अलग होने से घायल हुए वृद्ध ने दोबारा इलाज मिलने से पहले ही दम तोड़ा दिया। गोहाना के एक रजवाहे में बुधवार सुबह एक अधेड़ का शव मिला, जिसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
मंगलवार देर शाम उत्तराखंड अल्मोड़ा निवासी चंदन सिंह (25) ने दिल्ली के बादली रेलवे स्टेशन से पानीपत जाने के लिए पैसेंजर ट्रेन ( संख्या 64461) पकड़ी। ट्रेन यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। इस पर वह ट्रेन की छत पर जाकर बैठ गया। ट्रेन के सोनीपत रेलवे स्टेशन के नजदीक पहुंचने से पहले छत पर बैठा युवक ट्रेन के ऊपर से गुजरने वाली ओएचई लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। ट्रेन के रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर यात्रियों ने मामले की सूचना जीआरपी थाने को दी। सूचना पर जीआरपी थाने के एएसआई हवा सिंह हमराहियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और युवक के बुरी तरह झुलसे शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया। शव के पास मिले कागजात में मिले नंबरों पर फोन कर मृतक के परिजनों को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों को बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को सौंप दिया गया। जीआरपी हवा सिंह ने बताया कि युवक की लापरवाही के कारण उसकी जान गई। वहीं, 27 मई को ट्रैक्टर से ट्राली अलग होने घायल हुए कालूपुर चुंगी निवासी अर्जुन (60) पुत्र रायसिंह का काफी दिनों तक पीजीआई में इलाज चला। हालत में कुछ सुधार होने पर पीजीआई के डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी थी। मंगलवार रात अचानक उनकी तबियत खराब हो गई। परिजनों उन्हें उपाचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। रोहतक रोड ओवरब्रिज पर वृद्ध ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने मामले की सूचना थाना शहर पुलिस को दी।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर ट्रैक्टर चालक गांव पलड़ा पलड़ी निवासी सतीश के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इधर, गोहाना के गांव जागसी से गांव हुड्डा को जाने वाले रजवाहे में बुधवार को ग्रामीणों ने एक अधेड़ का शव उतराता देखा। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी बुटाना चौकी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को रजवाहे से बाहर निकलवाया। चौकी के प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि काफी पूछताछ के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष होगी, जिसके शरीर पर कोई वस्त्र नहीं था। शव को सरकारी अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है। चिकित्सकाें ने शव की गली-सड़ी हालत को देखकर पोस्टमार्टम के लिए रोहतक के पीजीआई रेफर कर दिया है।