गोहाना। गांव ठसका स्थित नगर परिषद के डंपिंग प्वाइंट की अब थर्ड पार्टी निगरानी करेगी। यह थर्ड पार्टी डंपिंग प्वाइंट में एनजीटी के नियमों व अन्य व्यवस्थाओं की जांच व देखरेख करेगी। इसके अलावा डंपिंग प्वाइंट से संबंधित पास होने वाले बिलों पर भी हस्ताक्षर करेगी। इसके लिए नगर परिषद ने टेंडर जारी किया है। अधिकारियों के अनुसार डंपिंग प्वाइंट से कचरे का बेहतर निस्तारण करने के लिए यह फैसला लिया है।
नगर परिषद की टीम हर रोज शहर में डोर-टू-डोर कचरे का उठान कराने के बाद ठसका स्थित डंपिंग प्वाइंट में डालती है। वहां से कचरे का निस्तारण न होने के कारण बड़ा पहाड़ बन गया है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। इसी के मद्देनजर नगर परिषद ने डंपिंग प्वाइंट को खाली करने का निर्णय लिया है। इसके लिए एक निजी कंपनी को टेंडर दिया गया है। अधिकारियों ने अप्रैल तक डंपिंग प्वाइंट को खाली कराने का लक्ष्य रखा है। इसको पूरा करने के लिए डंपिंग प्वाइंट से हर रोज एक हजार टन कचरा निकाला जा रहा है, जिसके लिए दो मशीनें लगाई गई हैं। अब इसकी पूरी निगरानी के लिए नगर परिषद ने थर्ड पार्टी को हायर करने का निर्णय लिया है। इसका वीरवार को टेंडर ओपन होगा। जो एजेंसी नियमों का पालन करेगी उसे टेंडर आवंटित किया जाएगा।
डंपिंग प्वाइंट को मशीनों के माध्यम से खाली कराया जा रहा है। अप्रैल तक इसे खाली करा दिया जाएगा। इसके सही निस्तारण के लिए थर्ड पार्टी हायर की जाएगी। टेंडर आवंटित होने के बाद नगर आयुक्त मंजूरी ली जाएगी। इसके बाद थर्ड पार्टी नियम अनुसार अपनी कार्रवाई करेगी। - राजेश वर्मा, ईओ, नगर परिषद, गोहाना