सोनीपत। पीएम की तीन कृषि कानून वापस लेने की घोषणा के बाद अब जल्द ही सोनीपत के भिगान टोल प्लाजा को शुरू किया जा सकता है। इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। टोल प्लाजा करीब 11 माह से बंद है। जिसके चलते यहां करीब 350 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
भिगान टोल प्लाजा 25 दिसंबर, 2020 के बाद से बंद है। हालांकि कई बार इस टोल पर टैक्स लेना शुरू करने की कोशिश की गई, लेकिन किसानों ने इसे सिरे नहीं चढ़ने दिया। दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का आंदोलन शुरू होने के साथ ही किसानों ने सभी टोल बैरियर फ्री करवाने का अभियान चलाया था। सोनीपत में केजीपी-केएमपी के टोल के अलावा भिगान टोल पर भी वसूली बंद करवा दी गई थी। हालांकि, बाद में केजीपी-केएमपी के टोल को शुरू कर दिया गया था, लेकिन भिगान टोल प्लाजा को शुरू नहीं किया जा सका था।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर आनंद दहिया ने बताया कि अब तक भिगान टोल फ्री किए जाने से 350 करोड़ का नुकसान हो चुका है। अब जबकि किसानों की मांगें प्रधानमंत्री ने मान ली हैं तो किसी भी समय टोल को शुरू किया जा सकता है। संबंधित एजेंसी के साथ सभी तैयारियां पूरी कर ली है।