संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। अवैध काॅलोनियों में रजिस्ट्री करने के लगाए गए आरोपों की जांच शुरू हो गई है। सीएम विंडो पर आरटीआई कार्यकर्ता सहदेव शर्मा की ओर से दी गई शिकायत के बाद प्रशासन मामले को गंभीरता से ले रहा है।
एसडीएम प्रवेश कादियान ने जांच शुरू करते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ-साथ शिकायतकर्ता सहदेव शर्मा को भी नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने पक्ष और उपलब्ध साक्ष्यों सहित निर्धारित तिथि पर उनके कार्यालय में उपस्थित हों।
एसडीएम ने कहा कि सभी पक्षों को सुनना जरूरी है कि जांच निष्पक्ष और तथ्यों पर आधारित हो सके। साक्ष्यों और पक्षों के आधार पर जांच पूरी कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह हैं आरोप
आरटीआई कार्यकर्ता सहदेव शर्मा ने सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज कराई थी कि क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर अवैध काॅलोनियों में रजिस्ट्री की जा रही है। इससे सरकारी नियमों का उल्लंघन हो रहा है। सुनवाई करते हुए उपायुक्त ने एसडीएम को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।