कच्चे क्वार्टर में हुआ अतिक्रमण
- फोटो : Sonipat
शहर की सबसे व्यस्त कच्चे क्वार्टर मार्केट से अतिक्रमण नहीं हटवाना अफसरों को भारी पड़ गया है। अशोक नगर कच्चे क्वार्टर की रहने वाली महिलाओं ने अफसरों के कार्रवाई नहीं करने पर हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी। इसमें हाईकोर्ट ने डीसी, नगर निगम कमिश्नर, डीटीपी को नोटिस जारी किया है। इन सभी को 26 फरवरी को हाईकोर्ट में जवाब देना होगा कि आखिर अतिक्रमण क्यों नहीं हटवाया गया, जबकि वहां अतिक्रमण के कारण पहले आग लगने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं जा सकी थी और 47 लोगों की जलकर मौत हो गई थी।
शहर के अशोक नगर कच्चे क्वार्टर की मार्केट सबसे व्यस्त है, जहां सबसे ज्यादा कपड़े की दुकान है और वहां रोजाना एक लाख से ज्यादा लोग पहुंचते है। लेकिन वहां सभी दुकानदार अपना सामान सड़क पर रखते है और इस कारण वहां 40 फुट की सड़क केवल 6 फुट की सिमटकर रह गई है। वहां अतिक्रमण के कारण बाइक तक नहीं निकल पाती है। इस अतिक्रमण को हटवाने के लिए अशोक नगर कच्चे क्वार्टर की रहने वाली आशा रानी व रेखा ने नगर निगम कमिश्नर, डीसी समेत सीएम विंडो पर शिकायत दी, लेकिन अतिक्रमण को नहीं हटवाया गया। इस कारण ही दोनों महिलाओं ने अतिक्रमण हटवाने के लिए हाईकोर्ट में याचिका डाल दिया। जिसमें हाईकोर्ट ने डीसी, नगर निगम कमिश्नर, डीटीपी को नोटिस जारी किया है। इस मामले में अब सभी को कोर्ट को जवाब देना है और वहां पेश भी होना पड़ सकता है। इस मामले में अब 26 फरवरी की तारीख लगी हुई है, जिससे पहले ही अफसरों को कार्रवाई करनी होगी।
अतिक्रमण के कारण नहीं बुझा सके थे आग, जलकर मर गए थे 47 लोग
अशोक नगर कच्चे क्वार्टर में पहले अतिक्रमण के कारण बड़ा हादसा हो चुका है। वहां 1999 में आग लग गई थी और अतिक्रमण के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी अंदर नहीं जा सकी थी, जिससे आग नहीं बुझ सकी थी। इस कारण वहां 47 लोगों की जलकर मौत हो गई थी। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है।
कच्चे क्वार्टर में अतिक्रमण को लेकर हाईकोर्ट से नोटिस मिला है। इस मामले में जल्द ही कार्रवाई की जाएगी और कोर्ट में जवाब दिया जाएगा।
- अशोक बंसल, नगर निगम कमिश्नर।