नोटबंदी के चलते एक तरफ जहां कैश के लिए लोग बैंकों के बाहर लंबी लाइन लगाकर खड़े हैं, दूसरी तरफ भारत बंद का आह्वान सोमवार को पूरी तरह बेअसर रहा। विपक्षी दल कांग्रेस, इनेलो व आप ने आम लोगों को हो रही परेशानी के विरोध में प्रदर्शन करके अधिकारियों को सरकार के नाम ज्ञापन सौंपे। साथ ही अव्यवस्था के खिलाफ जमकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कुछ वर्गों की नकदी निकासी दोगुनी की जाए : दहिया
इनेलो कार्यकर्ता सुबह 11 बजे गोहाना रोड हनुमान मंदिर के सामने इकट्ठा होकर बीजेपी सरकार द्वारा नोट बंद किए जाने के विरोध में नारेबाजी करते हुए लघुसचिवालय पहुंचे। साथ ही सीटीएम को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पदम सिंह दहिया ने मांग की कि किसान, आढ़ती, छोटे उद्योगपतियों व व्यापारियों पर लगी नकदी निकालने की सीमा को बढ़ा कर दोगुना किया जाए। इस मौके पर पिछड़ा वर्ग के प्रदेशाध्यक्ष तेलुराम जोगी, राजकुमार, रणबीर, कुलदीप, जिला प्रवक्ता फूलकंवार चौहान, महिलाध्यक्ष प्रोमिला मलिक, युवाध्यक्ष कुणाल गहलावत, सुमित, अशोक, बलजीत, अजमेर, सुरेश, अनिता, इन्द्रजीत, संजय, भयराज, डॉ. भगत, जेपी रेवली, अजीत, रमेश आदि मौजूद रहे।
अधूरी तैयारी, पब्लिक पर पड़ी भारी : विमल किशोर
नोटबंदी की आधी-अधूरी तैयारी व बदइंतजामी के कारण जनता को हो रही परेशानी के विरोध में आम आदमी पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पार्टी के सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के अध्यक्ष विमल किशोर के नेतृत्व में गुरुद्वारा रोड से गीता भवन, रेलवे रोड से होते हुए सुभाष चौक पर पहुंच कर मोदी सरकार का पुतला फूंका। इस मौके पर विमल किशोर ने कहा मोदी सरकार नोटबंदी में पूरी तरह फेल हो चुकी है। आए दिन नए-नए नियम व शर्तें लागू कर रही है, जिससे यह साबित हो चुका है कि बिना तैयारी के आनन फानन में नोटबंदी का फैसला लिया गया। इस मौके पर चंचल, सुनीता, सरोज राठी, सरिता, बॉबी, सतीश, सत्यवान, प्रदीप, तरुण, ईश्वर, सुंदर, विजय सेतिया, पंकज, संदीप, जयभगवान, जोगेंद्र व प्रमोद भी मौजूद रहे।
अव्यवस्था से हर वर्ग परेशान : प्रसाद
भारत बंद के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को जन आक्रोश दिवस मनाने के लिए कांग्रेस भवन में एकत्रित हुए, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस प्रदेश सचिव कंवर सिंह खत्री ने की। प्रदेश कमेटी के महासचिव एवं जिला सह प्रभारी प्रो. कुलताज व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष महाबीर प्रसाद ने जन आक्रोश प्रदर्शन कर नेतृत्व किया। इसका संचालन प्रदेश सचिव डॉ. सत्यबीर निर्माण ने किया। कार्यकर्ताओं ने शहर के मुख्य बाजारों में जाकर प्रदर्शन किया। उपाध्यक्ष महाबीर प्रसाद ने कहा कि मोदी सरकार ने जो 1000-500 के पुराने नोट बंद किए हैं इससे आम जनता व व्यापारी वर्ग परेशान हो रहा है। वहीं इस प्रदर्शन में कांग्रेस के बड़े नेता नहीं दिखाई दिए।
वामपंथियों ने भी किया विरोध प्रदर्शन
एसयूसीआई (कम्युनिस्ट), सीपीआई, सीपीआई(एम) व नौजवान भारत सभा की ओर से नोटबंदी के खिलाफ बस अड्डे से रेलवे स्टेशन तक विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और संयुक्त रूप से कहा कि सरकार के इस जनविरोधी फैसले के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।
आम आदमी ने दिखाया विपक्ष को आइना : जैन
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने सोमवार को विपक्षी दलों द्वारा बुलाए गए भारत बंद को पूरी तरह से असफल करने पर कहा कि आम आदमी ने विरोधियों को आइना दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को उन्होंने खुद शहर के व्यापारियों की मीटिंग लेकर उन्हें भारत बंद को असफल करने की अपील की थी। सोमवार को व्यापारियों ने पूरा सहयोग दिया और नोटबंदी का गलत प्रचार करने वालों को करारा जवाब दिया है।
बैंकों के सामने जनता की दिखी भीड़
बैकों और एटीएम के सामने भीड़ जरूर देखने को मिली लेकिन सोमवार को किसी भी स्थान पर जनता के द्वारा बैकों के सामने हंगामा नहीं हुआ। हालांकि कैश न मिलने और लाइन में खड़े होने से जनता परेशान जरूर दिखी। लीड बैक मैनेजर ने बताया है कि कैश की कमी के चलते कुछ ही बैंकों में कैश पहुंचा है। सभी बैंकों में कैश नहीं पहुंचा है, जिसके चलते जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।