संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव लड़सौली की रहनेवाली पहलवान एवं युद्धवीर अखाड़ा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी निशा मोर अंडर-15 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए थाईलैंड के पटाया के लिए रवाना हो गई हैं। 54 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबला करने वाली निशा से न केवल परिवार और अखाड़े को बल्कि पूरे जिले को स्वर्ण पदक की उम्मीद है।
ककरोई रोड स्थित युद्धवीर अखाड़ा के प्रशिक्षक कुलबीर राणा ने बताया कि एशियन चैंपियनशिप का आयोजन 28 जून से 5 जुलाई तक थाईलैंड के पटाया शहर में किया जाएगा जिसमें विभिन्न देशों के युवा पहलवान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। भारतीय दल में शामिल निशा मोर को रवाना होने से पहले अखाड़े में सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
राष्ट्रीय स्तर पर लगातार किया है शानदार प्रदर्शन
निशा मोर ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। हाल ही में तमिलनाडु में आयोजित अंडर-15 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई थी। इसके अलावा स्कूल नेशनल प्रतियोगिता में भी उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम कर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया था।
उनका चयन एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। खेल विशेषज्ञ का मानना है कि यदि निशा अपने वर्तमान प्रदर्शन को बरकरार रखती हैं तो वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश के लिए स्वर्ण पदक जीत सकती है।
परिवार और गांव को बेटी पर गर्व
निशा मोर गांव लड़सौली की सुशीला की बेटी है। उनके पिता प्रियव्रत मोर सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। खेल और शिक्षा के प्रति परिवार की सकारात्मक सोच का ही परिणाम है कि निशा आज अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने में सफल हुई हैं। गांव और क्षेत्र के लोगों में भी निशा की उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी सफलता से अन्य बेटियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
स्वर्ण पदक जीतने की पूरी क्षमता रखती हैं निशा : कुलबीर राणा
कुलबीर राणा ने कहा कि निशा मोर ने एशियन चैंपियनशिप के लिए बेहतर तैयारी की है। उन्होंने तकनीकी और शारीरिक दोनों स्तरों पर खुद को बेहतर बनाया है। उन्हें विश्वास है कि निशा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने में सफल होंगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना रही हैं। निशा इसका बेहतरीन उदाहरण हैं। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अनमोल, जिला खेल अधिकारी मनोज यादव, प्रशिक्षक सीमा राणा, समीक्षा खरब, अखाड़ा संचालक देवी सिंह तथा हिंद केसरी युद्धवीर राणा ने निशा के उज्ज्वल भविष्य और स्वर्णिम प्रदर्शन की कामना की है।