सोनीपत। कोरोना के केस लगातार मिल रहे हैं। जिले में शुक्रवार को नौ संक्रमित मिले हैं और एक स्वस्थ हुआ। जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 30 हो गई। दूसरी ओर बाजारों में लोग बिना मास्क लगाए खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। साथ ही अस्पतालों में कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
प्रशासन की ओर से लोगों को कोरोना नियमों का पालन नहीं करवाया जा रहा है। जिसके कारण लोग बाजारों व सार्वजनिक कार्यालयों में बिना मास्क लगाए पहुंच रहे हैं, जिसके कारण कोरोना की रफ्तार तेज होने लगी है। अगर समय रहते स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है। बाजारों में लोग शारीरिक दूरी का पालन तक नहीं कर रहे और न ही मास्क लगा रहे हैं। इस तरह की लापरवाही लोगों के लिए गंभीर हो सकती है। शुक्रवार को 251 लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए। इनमें आरटी पीसीआर के 199 व रैपिड एंटीजन टेस्ट के 52 सैंपल लिए गए। रैपिड एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट शुक्रवार को ही मिल गई। इसमें किसी भी व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है। वहीं आरटी पीसीआर की पुरानी 137 रिपोर्ट में से नौ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इससे संक्रमण दर शुक्रवार को बढ़कर 6.57 फीसदी रही। संक्रमित सभी मरीज होम आइसोलेशन में रखे गए हैं।
वर्जन
जिले में कोरोना के नौ संक्रमित मिले हैं। लोगों को शारीरिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की जा रही है। अगर किसी व्यक्ति में बुखार के लक्षण मिलते हैं तो वह स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर अपना कोरोना टेस्ट जरूर कराए।
डॉ. जयकिशोर, सिविल सर्जन