फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जींस रंगाई व धुुलाई की दो फैक्टरी व शराब ठेके पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने मारा छापा

विज्ञापन
विज्ञापन
खरखौदा। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने शुक्रवार को दो फैक्टरी और एक अवैध शराब ठेके पर छापा मारा। टीम ने शहर के बाईपास पर बरोणा व रोहणा मार्ग के बीच में चल रही दो फैक्टरी पर छापा मारा। जहां जींस की पैंट को रंगने व धुलाई करने का काम किया जाता है। छापे के दौरान दोनों ही मालिक फैक्टरी चलाने के लिए जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। टीम ने उन्हें नोटिस जारी किया है। वहीं शाम को टीम ने एनसीआर वाटर चैनल नहर के पास अवैध रूप से चलाए जा रहे शराब ठेके पर छापा मारा। सेल्समैन से ठेका चलाने को लेकर जरूरी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। टीम के साथ पहुंचे आबकारी विभाग के निरीक्षक अशोक मलिक की शिकायत पर पुलिस ने ठेके से बरामद शराब को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

निरीक्षक सुरेंद्र शर्मा की अगुवाई में शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम खरखौदा बाईपास पर पहुंची। यहां लक्ष्मीपुर, बिहार निवासी शिवकुमार व रोहिणी, दिल्ली निवासी सुनील भाटिया की दो जींस धोने की फैक्टरी पर छापा मारा। दोनों ही किराये पर भवन लेकर काम कर रहे हैं। टीम के साथ खाद्य आपूर्ति विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर पालिका खरखौदा व बिजली निगम की टीम भी मौजूद थी। सभी ने अपने-अपने विभागों से संबंधित जांच की। इनमें से सिर्फ बिजली निगम की तरफ से दोनों फैक्टरी को क्लीन चिट दी गई। नगर पालिका खरखौदा के भवन निरीक्षक मुकेश कुमार का कहना है कि नगर पालिका से बगैर मंजूरी लिए दोनों भवनों का निर्माण हुआ है। इसे लेकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ डॉ. विशाल ने जांच कर बताया कि बोर्ड से किसी प्रकार की मंजूरी नहीं ली गई है। उन्होंने कहा कि फैक्टरी से निकलने वाले पानी के सैंपल लिए गए हैं। जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। लैब की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। वहीं खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक प्रवेश कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया है कि फैक्टरी में बगैर मंजूरी के लिए 13 घरेलू व छह व्यवसायिक सिलिंडर रखे हुए हैं। जिससे जान व माल दोनों का ही खतरा है। जिसकी विभाग से कोई मंजूरी नहीं ली गई है। निरीक्षक प्रवेश कुमार ने फैक्टरी मालिक के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दौरान एसडीओ डॉ. विशाल, एसडीओ नीरज कुमार, जेई विनोद, निरीक्षक प्रवेश कुमार, भवन निरीक्षक मुकेश कुमार मौजूद रहे।
इंसेट
अवैध तरीके से चलाया जा रहा था ठेका
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को सूचना मिली कि रोहणा गांव में एक शराब ठेका बगैर मंजूरी लिए चलाया जा रहा है। टीम रोहणा गांव स्थित शराब ठेके पर पहुंची। जहां टीम ने ठेके पर मौजूद लोगों से शराब ठेका संचालन को लेकर जरूरी कागजात मांगे। ठेके पर मौजूद सेल्समैन कोई कागजात प्रस्तुत नहीं सका। टीम ने ठेके की जांच की तो उसमें 24 पेटी बीयर, 20 पेटी देशी शराब, अंग्रेजी शराब की पौने पांच पेटी, अध्धे की पौने दो पेटी व चार पेटी अंग्रेजी शराब के पौव्वे मिले। जिसे टीम ने खरखौदा पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान ठेके पर मिले सेल्समैन से 3250 रुपये की नकदी भी बरामद की गई। आबकारी निरीक्षक अशोक मलिक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सेल्समैन को हिरासत में लेकर शराब को कब्जे में ले लिया।
विज्ञापन

वर्जन
सूचना के आधार पर खरखौदा की दो फैक्टरी पर छापा मारा गया है। जहां पर जींस रंगने व धोने का काम होता है, लेकिन किसी के पास भी जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। जिस पर कार्रवाई की जा रही है। एक इकाई में गैस सिलिंडर मिलने पर खाद्य आपूर्ति विभाग की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया गया है। सुरेंद्र शर्मा, निरीक्षक, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें