फोटो :: सोनीपत के कुंडली में मादक पदार्थ सहित गिरफ्तार आरोपी पुलिस के साथ। स्रोत पुलिस प्रवक्ता
सोनीपत। क्राइम यूनिट गन्नौर ने कुंडली औद्योगिक क्षेत्र से एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 310 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। आरोपी नशीले पदार्थ की खेप बेचने के लिए वहां खड़ा था।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर शाम क्राइम यूनिट गन्नौर की टीम गश्त पर थी। एएसआई जसबीर के नेतृत्व में टीम कुंडली क्षेत्र में मौजूद थी। टीडीआई मॉल के सामने जीटी रोड पर मुखबिर ने सूचना दी। उसने बताया कि निफ्टम चौक पर एक विदेशी युवक हेरोइन बेचने खड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम चिडी बताया।
पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट आबकारी एवं कराधान विभाग के एईटीओ विभु संधु को बुलाया। उनकी मौजूदगी में तलाशी लेने पर सफेद पॉलिथीन में 310 ग्राम हेरोइन मिली। आरोपी मूलरूप से नाइजीरिया हॉल दिल्ली के चंदर विहार का रहने वाला है। पुलिस उसके वास्तविक नाम-पते की जानकारी जुटा रही है। भारत में रहने से संबंधित दस्तावेज के लिए नाइजीरियाई दूतावास से भी संपर्क किया जाएगा। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस हेरोइन के स्रोत, सप्लाई और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।