सोनीपत। निजी स्कूलों की मान्यता संबंधी नए नियमों का 30-30 सालों से स्कूल चला रहे निजी स्कूल संचालकों ने विरोध किया है। स्कूलों को बंद होने से बचाने की गुहार को लेकर निजी स्कूल संचालक शुक्रवार को एकत्रित होकर भाजपा नेता राजीव जैन से उनके कैंप कार्यालय में मिले और शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई कि मान्यता संबंधी नए नियम पुराने स्कूलों पर लागू नहीं होने चाहिए।
भाजपा नेता राजीव जैन के कैंप कार्यालय में पहुंचे निजी स्कूल संचालकों ने कहा कि सरकार ने 10 वर्ष पहले ली गई मान्यता को भी समाप्त करके दोबारा मान्यता लेने के आदेश जारी किए हैं, जो सरासर गलत है। ऐसे नियमों को लागू कर निजी स्कूल संचालकों को परेशान किया जा रहा है। निजी स्कूल संचालकों ने ज्ञापन में लिखा है कि हमारे स्कूल शहरी इलाकों में है। मान्यता के नए नियमों के अनुसार जमीन खरीदकर नई शर्तें पूरी करना असंभव है। स्कूल संचालकों ने बताया कि जिले में लगभग 150 स्कूल हैं, इनको शिक्षा विभाग की तरफ से नोटिस भेजा गया है।
स्कूल संचालकों ने बताया कि अधिकांश स्कूल गरीब बस्तियों में चलाए जा रहे हैं और शिक्षा के साथ संस्कार और रोजगार भी दे रहे हैं। हमें पिछले 15 वर्ष से हर बार मोहलत तो दे दी जाती हैं, लेकिन स्थायी मान्यता नहीं दी जाती है। इससे हमारे ऊपर स्कूल बंद होने की तलवार लटकती रहती है। शिक्षकों ने इसका समाधान करने की मांग की है। राजीव जैन ने शिक्षकों को आश्वासन दिया है कि नई शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा से इस संबंध में बातचीत कर समस्या का समाधान करवाया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में किरण अरोड़ा, जगदीश, नंदलाल गौतम, ललिता, राममेहर, मेहर सिंह, मनोज चावला सहित अन्य मौजूद रहे।