गोहाना। पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री राम मंदिर एवं अग्रवाल सत्संग सभा की नई प्रबंधक समिति का गठन सर्वसम्मति से कर दिया गया। निर्वाचन प्रक्रिया हरियाणा रजिस्ट्रेशन एवं विनियमन सोसायटी अधिनियम, 2012 तथा सभा के नियमों के अनुसार शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई। किसी भी पद के लिए मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी।
निर्वाचन अधिकारी भूषण अग्रवाल अधिवक्ता ने पूरी प्रक्रिया का संचालन किया और सर्वसम्मति से चुनी गई नई प्रबंधक समिति की घोषणा की। समिति में रामधन भारतीय को अध्यक्ष, श्रीपाल सिंगला को उपाध्यक्ष, रमेश अग्रवाल को महासचिव, विजेंद्र गर्ग को सहसचिव तथा गोविंद जिंदल को कोषाध्यक्ष चुना गया।
कार्यकारिणी में सुरेंद्र गर्ग, सुशील गुप्ता, संदीप गर्ग, सतनारायण मित्तल, जयनारायण गुप्ता और सतीश गोयल को शामिल किया गया। निर्वाचन अधिकारी भूषण अग्रवाल ने कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराई गई। उन्होंने सभी सदस्यों के सहयोग, अनुशासन और सर्वसम्मति के लिए आभार जताया।
उन्होंने कहा कि सर्वसम्मति से समिति का गठन संस्था की एकता और आपसी विश्वास का प्रतीक है। नवनिर्वाचित प्रबंधक समिति ने सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए भरोसा दिलाया कि वह संस्था के धार्मिक, सामाजिक और जनकल्याण के कार्यों को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ाएगी।
सभा के सदस्यों ने नई समिति को शुभकामनाएं देते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।