फोटो 04- सोनीपत के ककरोई चौक के पास बना पांच मंजिला श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर। स्रोत : संस्थ
सोनीपत। सेफ इंडिया फाउंडेशन व गोमुख वर्ल्ड फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मंदिरों में सुविधा एवं सुधार के लिए मुहिम चलाई जाएगी। इसके तहत किसी भी मंदिर में मरम्मत कार्य, पूजा सामग्री व रंग-रोगन की आवश्यकता होगी तो इन व्यवस्थाओं को पूर्ण कर सुधार किया जाएगा। यदि कोई मूर्ति खंडित होगी तो उसे बदला जाएगा।
इसके अलावा भगवान की मूर्ति के लिए पोशाक, मंदिर परिसर में पांच पौधे व त्रिवेणी, पानी व बैठने जैसी सुविधाओं पर कार्य किए जाएंगे। यह सभी कार्य संस्थाओं की ओर से सार्वजनिक मंदिरों में बारी-बारी से पहले आओ के आधार पर स्थिति का मुआयना कर किए जाएंगे। सेफ इंडिया फाउंडेशन के प्रधान संजय सिंगला, चेयरमेन वाईके त्यागी व गोमुख वर्ल्ड फाउंडेशन के निदेशक सुरेश गोयल ने बताया कि सभी मंदिरों के जीर्णोद्धार को लेकर यह प्रयास किए जाएंगे।
निजी मंदिरों के लिए नहीं होगी मुहिम
संजय सिंगला ने बताया कि यह पहल जो मंदिर बंद होने की कगार पर हैं, उनमें दोबारा से पूजा शुरू करवाने को लेकर की जाएगी। यह मुहिम केवल सार्वजनिक मंदिरों के लिए होगी, निजी मंदिरों के लिए नहीं। प्रथम चरण में केवल निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मंदिरों को इस मुहिम में शामिल किया जाएगा। इसके बाद दूसरा चरण प्रारंभ किया जाएगा।
एक मंदिर का प्राप्त हुआ आवेदन
संस्थाओं के पदाधिकारियाें ने बताया कि जिन मंदिर के आवेदन आएंगे, उनकी कमेटी की ओर से जांच कर कार्य शुरू करवाया जाएगा। फिलहाल संस्था को चावला कॉलोनी स्थित शिव शक्ति मंदिर का आवेदन प्राप्त हुआ है। कमेटी में अब तक अधिवक्ता अरविंद मित्तल, दिनेश कुच्छल, सितांशु, सुरेश गोयल को शामिल किया गया है, जल्द ही और सदस्यों को भी कमेटी में शामिल किया जाएगा।