सोनीपत। गांव पांची गुजरान स्थित दिल्ली इंटरनेशनल कार्गो टर्मिनल (डीआईसीटी) में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देश के पहले वाणिज्यिक इलेक्ट्रिक ट्रक बैटरी स्वैपिंग एवं चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। इससे ग्रीन एनर्जी और स्मार्ट लॉजिस्टिक के मानचित्र पर सोनीपत को नई पहचान मिली है।
यह परियोजना सिर्फ राष्ट्रीय स्तर की पहल नहीं, बल्कि सोनीपत जिले की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति के लिए भी ऐतिहासिक कदम साबित हो सकती है। यह कहना है स्थानीय उद्योगपतियों और क्षेत्रवासियों का। इनका मानना है कि इस परियोजना से भारी वाहनों के लिए चार्जिंग और लॉजिस्टिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इससे सोनीपत को ग्रीन इंडस्ट्री हब के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। नेशनल हाईवे-44 के के निकट होने के कारण यह स्थान हरियाणा में ई-मोबिलिटी लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित होने की पूरी संभावना रखता है।
रोजगार और कौशल विकास के अवसर : एनर्जी इन मोशन कंपनी के एमडी नरेंद्र मुरूकुंबी ने बताया कि स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। स्टेशन पर ट्रक ऑपरेटर, तकनीशियन, बैटरी मैनेजमेंट स्टाफ और लॉजिस्टिक मैनेजर जैसे पदों के लिए करीब 300 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर सृजित होंगे। डीआईसीटी प्रशासन का कहना है कि यह सुविधा न केवल लॉजिस्टिक लागत घटाएगी, बल्कि क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को भी आकर्षित करेगी।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद : इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, विधायक निखिल मदान, विधायक देवेंद्र कादियान, मेयर राजीव जैन, पूर्व सांसद रमेश कौशिक, निर्मल चौधरी, अशोक भारद्वाज, देवेंद्र कौशिक, आजाद नेहरा, जसबीर दोदवा, पुनित राई और तरुण देवीदास आदि मौजूद रहे।