फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नीट : 450 पुलिस कर्मियों के पहरे में आठ केंद्रों पर 2,569 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

Sat, 20 Jun 2026 09:26 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
फोटो : पीएमश्री राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अकबरपुर बारोटा।
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

सोनीपत। नीट यूजी पुनर्परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को जिले के आठ केंद्रों पर 2569 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए सुरक्षा, निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाया गया है। केंद्रों पर फ्लाइंग स्क्वॉड, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, केंद्र अधीक्षक और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे।
उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि परीक्षा दोपहर 2 से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में दोपहर 1:30 बजे तक ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
विज्ञापन

उन्होंने परीक्षार्थियों से समय से पहले केंद्रों पर पहुंचने की अपील की है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर करीब 25 से 30 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इस तरह से परीक्षा केंद्रों व अन्य व्यवस्था के लिए 450 पुलिसकर्मी और अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
अभ्यर्थियों की दो स्तर पर तलाशी ली जाएगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की टीम और पुलिस विभाग अलग-अलग जांच करेंगे। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लू टूथ डिवाइस सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

सीसीटीवी, बायोमीट्रिक और जैमर से होगी निगरानी

सभी परीक्षा केंद्रों को तकनीकी रूप से सुदृढ़ किया गया है। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। इनकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी। परीक्षार्थियों का बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य होगा। केंद्रों पर जैमर भी स्थापित किए गए हैं। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रोटोकॉल लागू किया गया है। प्रश्नपत्र केंद्रीय सुरक्षा बलों और पुलिस की निगरानी में सुरक्षित रूप से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया में एनटीए पर्यवेक्षक, प्रशासनिक अधिकारी और केंद्र अधीक्षक भी शामिल रहेंगे।

कोचिंग सेंटर और फोटोकॉपी दुकानें रहेंगी बंद

परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 लागू रहेगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 से 300 मीटर के दायरे में फोटोकॉपी और जेरॉक्स मशीनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा अवधि के दौरान कोचिंग संस्थानों को भी बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर भी रोक लगाई है। सोशल मीडिया और इंटरनेट गतिविधियों पर साइबर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।


अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध
गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, ओआरएस, मेडिकल डेस्क, पर्याप्त फर्नीचर, वॉल क्लॉक और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। स्वच्छता और शौचालयों की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। विशेष यातायात योजना लागू की गई है, जिससे शहर में ट्रैफिक का दबाव कम रहे।
विज्ञापन



इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मुरथल अड्डा
राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन
पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, नाहरा
पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मुरथल
ताऊ देवीलाल राजकीय महिला महाविद्यालय, मुरथल
पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अकबरपुर बारोटा
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गढ़ी ब्राह्मणान
राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-12
वर्जन
नीट-यूजी पुनर्परीक्षा की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के समन्वित प्रयासों से परीक्षार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा की शुचिता से समझौता नहीं किया जाएगा। -नेहा सिंह, उपायुक्त, सोनीपत।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें