गन्नौर (सोनीपत)। जन्म प्रमाण पत्र में नाम के खाली काॅलम को अब भरवाना पड़ेगा। वर्ष 2002 से पहले जन्मे बच्चों के नाम अब रिकॉर्ड में लिखवाने होंगे। सरकार ने इसके लिए 31 दिसंबर 2024 तक का मौका दिया है। जन्म से संबंधित दस्तावेज स्थानीय नागरिक अस्पताल, सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र), और पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) में जमा करवाकर नाम दर्ज करवाने की सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है।
विभाग के नियम अनुसार जन्म पंजीकरण के बाद 15 साल तक रिकॉर्ड में नाम लिखवाया जाना अनिवार्य है, लेकिन कुछ लोगों ने समय अवधि तक भी नाम दर्ज नहीं करवाया। इस वजह से विभाग के रिकाॅर्ड में उनके बच्चों के नाम का काॅलम अभी तक खाली पड़ा है। ऐसे लोगों को अब सरकार ने मौका दिया है। जन्म रिकॉर्ड में नाम दर्ज करवाने के लिए केंद्र पर दस्तावेज जमा करवाने होंगे, फिर ऑनलाइन भी आवेदन किया जा सकता है।
पहले भी दिया था मौका
जन्म रिकॉर्ड में नाम दर्ज करवाने के लिए सरकार ने इससे पहले भी अधिसूचना जारी कर मौका दिया था, लेकिन लोग गंभीर नहीं हुए। काफी बच्चों के रिकॉर्ड के नाम का काॅलम अब भी खाली है। अब सरकार ने फिर से ऐसे लोगों को मौका दिया है।
वर्जन
वर्ष 2002 से पहले जन्मे बच्चों का रिकाॅर्ड में नाम आवेदन फार्म और दस्तावेजों सहित जमा करवा सकते हैं। नगर पालिका में जन्म-मृत्यु पंजीकरण शाखा में भी अपना आवेदन जमा करवा सकते हैं। इसके बाद उनका नाम रिकॉर्ड में दर्ज कर दिया जाएगा।
पवित्र गुलिया, सचिव, नगर पालिका।