सोनीपत। प्रदेश के छह निशानेबाज पेरिस ओलंपिक में पदक पर निशाना लगाएंगे। इनमें स्टार निशानेबाज मनु भाकर समेत चार महिला व दो पुरुष निशानेबाज शामिल हैं। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का दावा है कि सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन किया गया है, इससे पेरिस में पदकों की प्रबल उम्मीद हैं। निशानेबाज अलग-अलग 11 स्पर्धाओं में भाग लेंगे।
हरियाणा राइफल एसोसिएशन के महासचिव अशोक मित्तल ने बताया कि ग्रीष्मकालीन ओलंपिक फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित होंगे। निशानेबाजी में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रदेश के छह शूटरों ने ओलंपिक कोटा हासिल किया हैं। प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं व अनुभवी प्रशिक्षक प्रदान किए गए हैं। शूटर ओलंपिक में पदक जीतने के लिए तैयारी कर रहे हैं। राष्ट्रीय राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया व भारतीय खेल प्राधिकरण खिलाड़ियों के बेहतर अभ्यास के लिए विदेशों में भी शिविर का आयोजन करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शूटरों से उम्मीदें हैं कि वह ओलंपिक में देश के लिए ज्यादा से ज्यादा पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। ओलंपिक खेलों के मुकाबले 26 जुलाई से 11 अगस्त तक होंगे। इसमें विश्व के 10 हजार 500 बेहतरीन खिलाड़ी अपने देशों का प्रतिनिधित्व करेंगे। ओलंपिक में 32 खेलों में 329 स्पर्धाओं के मुकाबले हाेंगे।
हरियाणा राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने निशानेबाजों को शुभकामना दी हैं। उनका कहना है कि देश के 21 शूटरों ने ओलंपिक खेलों को कोटा हासिल किया हैं। प्रदेश के निशानेबाजों से देश को उम्मीद होगी कि वह ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन कर देश को पदक दिलाएंगे।
इन खिलाड़ियों से है पदक की आस
इन मनु भाकर, झज्जर (10 मी. , 25 मी.), रिदम सांगवान फरीदाबाद (10 मीटर पिस्टल), रमिता जिंदल, लाडवा (10 मीटर राइफल), राईजा ढिल्लन, करनाल (स्कीट), अनीश भानवाला, करनाल (25 मीटर पिस्टल), सरबजोत सिंह, अंबाला (10 मीटर पिस्टल) शूटरों से पदक की आस हैं।