गोहाना। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद (नैक) की आठ सदस्यीय टीम का तीन दिवसीय दौरा समाप्त हो गया है। अंतिम दिन बुधवार को नैक टीम के सदस्यों का शिक्षकों से परिचय कराया। प्रो. विभाष चंद्र झा के नेतृत्व में नैक की टीम ने विश्वविद्यालय के सभी विभागों में बारीकी से निरीक्षण किया।
प्रो. रवि भूषण ने बताया कि टीम ने विवि के रीजनल सेंटर खरल, साउथ कैंपस भैंसवाल कलां में भी निरीक्षण किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के खेल स्टेडियम व हर्बल पार्क का भी दौरा किया। टीम ने विश्वविद्यालय से जुड़े उद्योग जगत के लोगों, विश्वविद्यालय की पूर्व छात्राओं, अभिभावकों, वर्तमान छात्राओं, सभी तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों से भी बात की है। टीम ने विश्वविद्यालय के छात्रावास का निरीक्षण कर वहां खाने की गुणवत्ता की भी जांच की है। वही छात्रावास में रह रही छात्राओं से बात की और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अंतिम दिन बैठक में नैक टीम ने विश्वविद्यालय के सभी डीन, चेयरपर्सन, प्राध्यापकों व अधिकारियों से विस्तार से बात की। नैक की टीम ने तीन दिन में रिपोर्ट तैयार कर ली है जो मुख्यालय के पास जमा कराई जाएगी।