राई। मुख्यमंत्री उडऩदस्ता की टीम ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों संग मिलकर कुंडली स्थित जींस रंगाई की दो यूनिटों पर छापा मारा। जांच में पता लगा कि रंगाई यूनिटों में जिस केमिकल का प्रयोग हो रहा था उसकी अनुमति नहीं ली गई थी। केमिकल युक्त पानी आसपास के क्षेत्र में छोड़े जाने से लगातार प्रदूषण फैल रहा था। टीम में शामिल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी ने केमिकल युक्त पानी के सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेज दिए हैं।
मुख्यमंत्री उडऩदस्ता की टीम को सूचना मिली थी कि कुंडली क्षेत्र में भोला वॉशिंग व डेनिम बॉस जींस वॉशिंग के नाम से दो रंगाई यूनिट चल रही हैं। जिनमें मानकों के अनुसार केमिकलों का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। यह दूषित पानी आसपास के क्षेत्रों में छोड़ रहे हैं। जिससे लगातार प्रदूषण फैल रहा है। इस पर टीम ने छापा मार कर कार्रवाई की तो पाया कि दोनों यूनिट में जींस की रंगाई की जा रही थी। जिस केमिकल का प्रयोग किया जा रहा था, उसके कागजात यूनिट मालिकों से मांगे गए तो वह प्रस्तुत नहीं कर पाए। इस पर टीम में शामिल प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ प्रवीण कुमार ने इस्तेमाल हो रहे केमिकल के सैंपल ले लिए और उन्हें सीलबंद कर लिया। इसके अलावा अन्य कागजातों की भी जांच की गई, जिनमें अनियमितताएं मिली। टीम ने दोनों यूनिट को फिलहाल बंद करवा दिया है और सैंपल की रिपोर्ट आने तक रंगाई बंद रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री उडऩदस्ता की टीम में एसआई सुनील, एएसआई राजेश, सुरेंद्र कुमार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एसडीओ प्रवीण कुमार, खाद्य आपूर्ति विभाग से जोगेंद्र नैन शामिल थे।